जिला बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न व विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाले जाने का एक मामला प्रकाश मे आया है। इस मामले मे पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पति समेत 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गाँव निजामपुर पस्तोर निवासी लका बेगम ने पुलिस को दी गयी तहरीर में बताया कि उसका निकाह करीब चार साल पहले नज़ीर पुत्र नत्थू के साथ हुआ था। निकाह के समय लका बेगम के पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर करीब ₹15 लाख रुपये खर्च किए थे। घरेलू इस्तेमाल की हर कीमती वस्तु और उपहार दामाद और उसके परिवार को दिए गए थे। पीड़िता का आरोप है कि निकाह के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों के चेहरे से नकाब उतर गया। वे निकाह के समय मिले हुए दहेज से नाखुश थे और लका बेगम पर मायके से ₹10 लाख और नकद लाने का दबाव बनाने लगे। लका बेगम द्वारा अपने पिता की बेबसी का हवाला दिए जाने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। उत्पीड़न की हदें तब पार हो गईं जब गत 12 मई को ससुराल वालो ने मिलकर लका बेगम के साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया।
ससुराल से निकाली गई लका बेगम रोती-बिलखती अपने मायके पहुंची और माता-पिता को आपबीती सुनाई। गरीब माता-पिता ने और ₹10 लाख देने में पूरी तरह असमर्थता जताई। इसके बाद न्याय की उम्मीद में पीड़िता ने बिनावर थाने का दरवाजा खटखटाया। पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर मे पति नज़ीर, ससुर नत्थू, सास भूरी बेगम, जेठ समीर, और दो ननदो फूलबानो व कमरजहां पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक बिनावर अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि विवाहिता की तहरीर के आधार पर पति समेत छह आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर की गई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है, साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

