मेरठ/उत्तर प्रदेश - तंत्र मन्त्र से ईलाज करने के नाम पर तांत्रिक ने ठगे डेढ़ लाख, पैसा वापस मांगने पर दी जान से मारने की धमकी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, जून 13, 2026

मेरठ/उत्तर प्रदेश - तंत्र मन्त्र से ईलाज करने के नाम पर तांत्रिक ने ठगे डेढ़ लाख, पैसा वापस मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

www.newsindia17.com

जिला मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र से अंधविश्वास के जाल में फंसाकर लोगों की मजबूरी का फायदा उठाने का एक बेहद दर्दनाक और शर्मनाक मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा में एक ढोंगी तांत्रिक पर तंत्र क्रिया के नाम पर एक बेबस पिता से डेढ़ लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है। इलाज के नाम पर हुए इस धोखे के कारण बीमार युवक को सही समय पर डॉक्टरी इलाज नहीं मिल सका और उसने दम तोड़ दिया। अब पीड़ित पिता  द्वारा  अपने पैसे वापस मांगे जाने पर आरोपी ने तंत्र क्रिया से ही उसे जान से मारने की धमकी दे डाली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।


थाना क्षेत्र के ग्राम मुंडाली निवासी उस्मान ने पुलिस को दी तहरीर मे बताया कि उसका 24 वर्षीय बेटा रिहान पिछले काफी समय से गंभीर रूप से बीमार चल रहा था। उन्होंने कई बड़े अस्पतालों में बेटे का इलाज कराया, लेकिन रिहान की सेहत में कोई सुधार नहीं हो सका था। इसी लाचारी के दौरान उस्मान के संपर्क में कस्बा हर्रा निवासी एक कथित तांत्रिक आया। उसने दावा किया कि युवक पर किसी 'ऊपरी साये' का हाथ है और वह अपनी तंत्र क्रिया (काले जादू) के दम पर उसे पूरी तरह ठीक कर देगा। इसके एवज में उसने डेढ़ लाख रुपये की मांग की।


बेटे की जिंदगी बचाने की उम्मीद में मजबूर पिता ने कर्ज और अपनी जमापूंजी जोड़कर आरोपी को डेढ़ लाख रुपये सौंप दिए। रकम ऐंठने के बाद ढोंगी ने तंत्र-मंत्र का ढोंग शुरू कर दिया। इस अंधविश्वास के चक्कर में रिहान का सही मेडिकल उपचार रुक गया और उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। आखिरकार रिहान की तड़प  तड़पकर मौत हो गई। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।


जवान बेटे को खोने के बाद जब पीड़ित उस्मान ने आरोपी से अपने पैसे वापस देने को कहा। इस पर आरोपी ने उस्मान को हफ्तों तक टालता रहा। आरोप है कि शुक्रवार को उस्मान द्वारा सख्ती से पैसा वापस मांगे जाने पर आरोपी तांत्रिक अपनी असलियत पर उतर आया। उसने उस्मान को डराते हुए कहा कि अगर दोबारा पैसे मांगने पर वह अपनी 'तंत्र क्रिया और शक्तियों' से उसे भी जान से मार देगा। डरे-सहमे पीड़ित परिवार ने आज शनिवार को सरूरपुर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी और सख्त कार्रवाई की मांग की।


सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी और धमकी देने की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए गए हैं। अंधविश्वास फैलाकर ठगी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

counter
अभी तक पाठक संख्या