हाफिजगंज/जिला बरेली - शादी के 15 दिन बाद ही लाखो की नकदी व जेवर लेकर फरार हुई लूटेरी दुल्हन, एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, जून 13, 2026

हाफिजगंज/जिला बरेली - शादी के 15 दिन बाद ही लाखो की नकदी व जेवर लेकर फरार हुई लूटेरी दुल्हन, एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज

www.newsindia17.com

जिला बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र से शादी का झांसा देकर एक लुटेरी दुल्हन द्वारा लाखो रूपये लेकर फरार होने का मामला प्रकाश मे आया है। इस मामले मे पीड़ित द्वारा की गयी शिकायत के आधार पर एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने दो आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।


पीड़ित युवक द्वारा पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया गया कि कुछ समय पूर्व उसकी मुलाकात मोहनपुर ठिठरिया निवासी सोनू कश्यप नाम के एक व्यक्ति से हुई थी। सोनू ने युवक को शादी कराने का भरोसा दिलाया और इसके बदले एक लाख रूपये की मांग की। सौदा तय होने के बाद मोहनपुर ठिरिया निवासी प्रिया मौर्य नाम की एक युवती से युवक का रिश्ता पक्का किया गया। योजना के अनुसार करीब एक माह पूर्व सोनू ने युवक को बरेली कचहरी बुलाया और वहां क़ानूनी रूप से शादी कराने के नौटंकी करते हुए कुछ सादे कागजो पर युवक का अंगूठा लगवा लिया। इस सबके बाद युवक को भरोसा दिलाया गया कि उसकी कोर्ट मैरिज हो गयी है और प्रिया मौर्य अब उसकी पत्नी है। इसके बाद प्रिया युवक की पत्नी बनकर उसके घर भी आ गयी।


बताया गया कि शुरुआती 15 दिनों तक सब कुछ सामान्य रहा ताकि युवक को कोई शक न हो। इसके बाद एक दिन अचानक ही युवती ने घर में रखे करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 10 हजार रुपये की नकदी समेटी और फरार हो गयी। युवक द्वारा उसकी तलाश किये जाने पर भी कुछ पता नही लग सका। युवक द्वारा की गयी जाँच मे पता लगा कि कोर्ट बुलाकर कराई गयी उसकी शादी पूरी तरह फर्जी थी। पता लगा कि जिस युवती को वह अपनी पत्नी समझ रहा था वह पहले से शादीशुदा है और एक बच्चे की माँ है। युवक का कहना है कि शादी कराने के नाम पर उसे 1 लाख रुपये नकद और करीब 3.5 लाख रुपये के जेवरात सहित कुल साढ़े चार लाख से अधिक की चपत लगाई गई है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हाफिजगंज थाने में आरोपी सोनू कश्यप और प्रिया मौर्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर और उच्चाधिकारियों के आदेश पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की गहराई से विवेचना की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

counter
अभी तक पाठक संख्या