जनपद अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ शराब के नशे मे धुत्त कुछ दबंगो ने मामूली कहासुनी के बाद साले बहनोई की रस्सी से बांधकर रात भर पेड़ से लटकाये रखा। करीब 7 घंटे तक दी गयी इस प्रताड़ना के दौरान दोनो पीड़ित मदद के लिए चीखते चिल्लाते रहे मगर किसी का दिल नही पसीजा। सुबह दोनो को इस हालत मे देख क्षेत्र मे हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।
उक्त घटना थाना क्षेत्र के 'शीशों वाली' गांव के पास की है। पीड़ित दीपक, निवासी मंदिर वाली भुड्डी और उसका जीजा डालचंद, निवासी नयाबांस, गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ कल मंगलवार की रात करीब 11 बजे गाँव चकनवाला से लौट रहे थे। रास्ते में एक सुनसान जगह पर बनी झोपड़ी के पास दोनों रुक गए। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पुलिस की पहुंच से दूर होने के कारण यह झोपड़ी अवैध कच्ची शराब पीने वालों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बनी हुई है। यहाँ मौजूद रहे कुछ शराबियो के साथ दीपक और डालचंद की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रात करीब 2 बजे शराबियों ने दोनों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। क्रूरता की हद पार करते हुए शराबियो ने दीपक और डालचंद के हाथ-पैर रस्सी से बांधे और पेड़ से लटका दिया। दोनों पूरी रात दर्द से तड़पते हुए मदद की गुहार लगाते रहे।
दूसरी ओर दोनो के रात भर घर न पहुँचने पर दीपक के पिता शेर सिंह ने उनकी तलाश शुरू की। उन्होंने ग्राम प्रधान हरपाल सिंह से भी संपर्क किया लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आज बुधवार सुबह करीब 9 बजे परिजन उन्हे ढूंढते हुए मौके पर पहुंचे। जीजा साले को पेड़ के सहारे लटका देख उनके होश उड़ गए। परिजनो ने ग्रामीणों की मदद से बमुश्किल रस्सियों को काटा और दोनों को मुक्त कराया गया।
इस पूरी घटना का एक वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद गजरौला पुलिस तुरंत हरकत में आई और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मुआयना करने पहुंची। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर प्रमोद, हुकुम सिंह, महिपाल, चरन सिंह, लोकेश और नंदराम समेत 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियो नंदराम, महिपाल और चरन सिंह को दबोच लिया है। शेष 3 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि यह मामला बेहद गंभीर है। कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जिनमें से 3 को गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी आरोपियों को भी जल्द ही जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इलाके में अवैध शराब और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान तेज किया जाएगा।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

