पूरनपुर/जिला पीलीभीत - नगर पालिका के कूड़ा वाहन की टक्कर लगने पर दो पक्षों में मारपीट, हिंदू संगठनों के हंगामे के बाद बढ़ा सांप्रदायिक तनाव, पुलिस बल तैनात - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, जून 16, 2026

पूरनपुर/जिला पीलीभीत - नगर पालिका के कूड़ा वाहन की टक्कर लगने पर दो पक्षों में मारपीट, हिंदू संगठनों के हंगामे के बाद बढ़ा सांप्रदायिक तनाव, पुलिस बल तैनात

newsindia17.com/uttar-pradesh/pilibhit-puranpur-municipal-garbage-vehicle-clash-communal-tension-police-deployed/
पूर्णतया एआई जनरेटेड सांकेतिक चित्र 

जिला पीलीभीत के पूरनपुर थाना क्षेत्र से नगर पालिका वाहन चालक व स्थानीय निवासियो के बीच हुए टकराव का एक मामला सामने आया है।  दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा मामला होने के कारण इस घटना ने कुछ ही देर में सांप्रदायिक रंग ले लिया। घटना के विरोध में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बिगड़ते माहौल को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त पूरी घटना आज मंगलवार सुबह करीब 9 बजे मुझा रोड पर स्थित एफआरएफ कूड़ा खाद प्लांट के पास हुई। नगर पालिका का वाहन चालक मोहित कुमार रोज की तरह आज सुबह भी गाड़ी में कूड़ा लेकर निस्तारण के लिए प्लांट पर गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कूड़ा उतारते समय वहां खड़ी एक स्कूटी नगर पालिका के वाहन की चपेट में आ गई। इसी को लेकर स्कूटी सवार और चालक मोहित के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे।


उक्त मामले मे पीड़ित कूड़ा वाहन चालक मोहित कुमार द्वारा पुलिस को दी गयी तहरीर मे आरोपियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मोहित का कहना है कि कुछ स्थानीय लोगों ने जानबूझकर मेरी गाड़ी को रोका और विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपियों ने मुझे जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया और बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया। दबंगों ने मुझे जान से मारने की धमकी भी दी है।


इसके विपरीत दूसरे पक्ष (स्कूटी सवार) का आरोप है कि नगर पालिका का कर्मचारी बेहद लापरवाही से वाहन चला रहा था। इस लापरवाही का विरोध करने पर कर्मचारी ने उलटा उनकी स्कूटी पर ही गाड़ी चढ़ाने की धमकी दी।


मामला दो अलग अलग समुदायो से जुड़ा होने के चलते मुझा रोड पर तनाव व्याप्त हो गया। माहौल गरमाते ही भारतीय बजरंग दल के तमाम कार्यकर्ता और पदाधिकारी पीड़ित चालक के समर्थन में मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। सांप्रदायिक तनाव की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन तुरंत एक्शन में आया और मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया जा सका।


थाना प्रभारी पूरनपुर पवन पांडे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला पूरी तरह पुलिस के संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की गहनता और निष्पक्षता से जांच कर रही है। क्षेत्र की कानून व्यवस्था को किसी भी कीमत पर बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल पुलिस घटना स्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि विवाद की असली वजह और माहौल बिगाड़ने वाले चेहरों की पहचान की जा सके। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या