बिजनौर/उत्तर प्रदेश - आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न होने पर भड़की दुष्कर्म पीड़िता ने थाने मे खुद को लगाई आग, 60 प्रतिशत झुलसी, मचा हड़कंप, 1गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, जून 22, 2026

बिजनौर/उत्तर प्रदेश - आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न होने पर भड़की दुष्कर्म पीड़िता ने थाने मे खुद को लगाई आग, 60 प्रतिशत झुलसी, मचा हड़कंप, 1गिरफ्तार

newsindia17.com/bijnor-rape-victim-self-immolation-attempt-inside-police-station-60-percent-burnt-one-arrested
उत्तर प्रदेश के जिला बिजनौर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ कल रविवार देर रात कोतवाली पहुंची एक दुष्कर्म पीड़िता ने इंपेक्टर के चैंबर मे पहुँचकर खुद पर पेट्रोल छिडकककर आग लगा ली। देखते ही देखते आग की लपटों ने युवती को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना के बाद थाने में मची अफरा-तफरी के बीच पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर हालत में युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक युवती 60 प्रतिशत तक झुलस चुकी है और उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेरठ और फिर वहां से दिल्ली रेफर किया गया है।


पुलिस की शुरुआती जांच और प्राप्त जानकारी के अनुसार इस खौफनाक वारदात के पीछे प्यार में मिला धोखा और कानूनी लाचारी है। बताया गया कि किरतपुर थाना क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय एमएससी पास है और पेशे से रेसलर है। युवती के पिता होमगार्ड थे जिनकी काफी समय पहले डीएम आवास पर हुए एक गोलीकांड में मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी मां ने नरेश कुमार से दूसरी शादी कर ली थी। युवती का एक सगा भाई भी है। युवती की मुलाकात 3 साल पहले बिजनौर निवासी फौजी सौरभ से सरस्वती विद्या मंदिर में हुई थी। इस मुलाकात के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और सौरभ ने शादी का वादा किया। लेकिन बाद में वह अपने वादे से मुकर गया। इसके बाद युवती द्वारा सौरभ के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले मे कोई सबूत न मिलने पर पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। युवती ने एक बार फिर से इसी मामले मे सौरभ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।


एसपी अभिषेक झा ने बताया पहली बार सबूत न मिलने पर पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी, लेकिन दोबारा शिकायत पर पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। आरोपी फौजी सौरभ ने हाईकोर्ट से अपनी गिरफ्तारी पर स्टे ले रखा है। यही वजह थी कि पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पा रही थी, जिससे पीड़िता लंबे समय से मानसिक तनाव में थी।


कल रविवार की दोपहर को पीड़िता अपनी माँ के साथ कोतवाली आयी थी और फौजी के खिलाफ कार्रवाई किये जाने की मांग की थी। उस समय पुलिसकर्मियो ने उसे समझाकर वापस घर भेज दिया था। कल रविवार की रात को पीड़िता एक बार पीड़िता अकेले कोतवाली पहुंची और थानाध्यक्ष से मिलकर फौजी की तुरंत गिरफ्तारी की जिद करने लगी। पुलिस द्वारा क़ानूनी अड़चनो के चलते असमर्थता जताये जाने पर युवती ने अपने पास मौजूद पेट्रोल को खुद पर छिड़ककर आग लगा ली। मौके पर मौजूद रहे पुलिसकर्मियो ने किसी प्रकार आग बुझाई और युवती को उपचार हेतु जिला अस्पताल भिजवाया। जहाँ उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। बताया गया कि युवती को मेरठ से भी दिल्ली रेफर किया गया है।


इस मामले की जाँच के दौरान कोतवाली परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाने पर एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। एसपी अभिषेक झा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि महिला रेसलर को पेट्रोल की बोतल किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके सौतेले पिता नरेश कुमार ने ही लाकर दी थी। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या युवती को आत्मदाह के लिए उकसाया गया था।


दूसरी ओर कोतवाली परिसर मे हुई इस घटना के बाद से पुलिस विभाग मे हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अभिषेक झा और एसपी सिटी डा0 कृष्ण गोपाल सिंह तुरंत ही मौके पर पहुंचे। एसपी अभिषेक झा ने मामले को गंभीरता से न लेने व लापरवाही बरतने पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर अमर सिंह राठौर को निलंबित कर उनके स्थान पर अवनीत मान को कार्यभार सौप दिया है।


उक्त घटनाक्रम के बाद पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर आरोपी सौरभ, उसके पिता संजय, माँ मनोज, भाई गौरव, भाभी बीनू और चाचा कलवा के खिलाफ गंभीर धाराओ मे मुकदमा दर्ज कर लिया है। आज सोमवार की दोपहर आरोपी के चाचा कलवा को पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक अवनीत मान ने बताया कि अन्य आरोपियो की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

counter
अभी तक पाठक संख्या