गजरौला/जिला अमरोहा - कथित मौलाना ने तंत्र मंत्र से पैसा दोगुना करने का झांसा देकर ठगे 1.80 करोड़, किसान ने जमीन बेचकर जुटाई थी रकम - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, जून 20, 2026

गजरौला/जिला अमरोहा - कथित मौलाना ने तंत्र मंत्र से पैसा दोगुना करने का झांसा देकर ठगे 1.80 करोड़, किसान ने जमीन बेचकर जुटाई थी रकम

newsindia17.com/amroha-maulana-money-doubling-scam-farmer-cheated-1-80-crore-sold-land

उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा से एक कथित मौलाना द्वारा तंत्र मन्त्र के द्वारा पैसा दोगुना करने का झांसा देकर एक किसान से 1 करोड़ 80 लाख रूपये की ठगी किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। पीड़ित किसान ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे मौलाना पर करोड़ो रूपये हड़पने व वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।


जनपद के बछरायूं थाना क्षेत्र अंतर्गत गाँव सरकड़ा कला निवासी आकाश चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर मे बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व उसकी मुलाकात गजरौला क्षेत्र निवासी जाने आलम से हुई थी। आरोपी स्वयं को मौलाना बताता था और तंत्र-मंत्र व विशेष विधियों के जरिए धन को कई गुना बढ़ाने का दावा करता था। पीड़ित के अनुसार शुरुआत में आरोपी ने उससे 10 हजार रुपए उधार लिए और कुछ समय बाद 20 हजार रुपए लौटाकर उसका विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसने बड़ी रकम निवेश करने का सुझाव दिया और दावा किया कि वह तंत्र-मंत्र के जरिए रकम को कई गुना बढ़ा देगा।


आकाश चौधरी का कहना है कि वह आरोपी की बातों में आ गया और धीरे-धीरे उसे बड़ी रकम देने लगा। आरोप है कि दो वर्षों के दौरान आरोपी ने उससे कुल 1 करोड़ 80 लाख रुपए ले लिए। पीड़ित ने बताया कि इतनी बड़ी रकम जुटाने के लिए उसने अपनी 32 बीघा जमीन बेच दी। करीब 35 लाख रुपए बैंक खातों के माध्यम से और शेष लगभग 1 करोड़ 45 लाख रुपए नकद आरोपी को दिए गए। आरोपी लंबे समय तक भारी मुनाफे और रकम लौटाने का भरोसा देता रहा, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया।


पीड़ित के अनुसार करीब छह माह पहले दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था, जिसमें आरोपी ने निर्धारित तिथि पर पूरी रकम लौटाने का आश्वासन दिया था। आज शनिवार को भुगतान किये जाने की अंतिम तारीख तय थी, लेकिन रकम मांगने पर आरोपी ने कथित रूप से अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें कुर्ता-पायजामा, टोपी और काला चश्मा पहने एक व्यक्ति नोटों से भरे बॉक्स के सामने धार्मिक अनुष्ठान जैसा कार्य करता दिखाई दे रहा है। पीड़ित का दावा है कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति वही आरोपी है और वीडियो में दिख रही रकम उसी से ली गई धनराशि का हिस्सा है।


गजरौला पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर रकम वापस दिलाने की मांग की है। मामले पर क्राइम इंस्पेक्टर राम संजीव ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

free counter
अभी तक पाठक संख्या