स्वास्थ्य विभाग के दावों और चेतावनियों के बावजूद झोलाछाप डॉक्टरों का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिला संभल के कैलादेवी थाना क्षेत्र से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज और लापरवाही ने 35 वर्षीय महिला की जान ले ली। इस घटना के बाद से जहाँ आरोपी डॉक्टर फरार है, वहीं पांच मासूम बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल बुधवार की शाम थाना क्षेत्र के गाँव सिहावली निवासी अनीता आयु 35 वर्ष पुत्र पत्नी रामखिलाड़ी की तबियत ख़राब होने पर गांव के ही एक कथित झोलाछाप डॉक्टर को घर बुलाया गया था। आरोप है कि डॉक्टर ने महिला को पूरी तरह ठीक करने की 'गारंटी' दी और बिना कोई जांच किए ही एक इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगाने के आधे घंटे बाद ही कथित झोलाछाप ने अनीता को पानी की बोतल चढ़ानी शुरू कर दी। इस गलत दवा और बिना जांच इलाज का असर यह हुआ कि अनीता की हालत सुधरने के बजाय लगातार बिगड़ती चली गई। रात करीब 10:30 बजे इलाज के दौरान ही अनीता ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत होते ही आरोपी झोलाछाप डॉक्टर के हाथ-पैर फूल गए और वह अपना क्लीनिक/दुकान बंद कर गांव से रफूचक्कर हो गया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही डायल 112 सहित थाना प्रभारी सचिन कुमार और सौंधन पुलिस चौकी प्रभारी राजकुमार भारी पुलिस बल के साथ रात करीब 11:40 बजे सिहावली गांव पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया और निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पीड़ित पति ने पुलिस को बताया कि मेरी पत्नी को टाइफाइड और मलेरिया जैसी शिकायत थी। डॉक्टर ने ठीक करने का दावा किया था, लेकिन बिना जांच के गलत इंजेक्शन लगा दिया। डॉक्टर की इसी लापरवाही ने मेरी पत्नी को मुझसे छीन लिया। अनीता की असमय मौत ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया है। मृतका के पीछे उसके पांच मासूम बच्चे रो-रोकर बेहाल है।
थाना प्रभारी कैलादेवी सचिन कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों का पता चलेगा, जिसके बाद आरोपी झोलाछाप के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

