नूरपुर/जिला बिजनौर - पुलिस ने किया गौकशी कांड का सनसनीखेज खुलासा, ग्राम प्रधान समेत 5 आरोपी गिरफ्तार, 3 अन्य की तलाश जारी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, जून 21, 2026

नूरपुर/जिला बिजनौर - पुलिस ने किया गौकशी कांड का सनसनीखेज खुलासा, ग्राम प्रधान समेत 5 आरोपी गिरफ्तार, 3 अन्य की तलाश जारी

newsindia17.com/bijnor-gokashi-case-political-conspiracy-pradhan-arrested

जिला बिजनौर की नूरपुर पुलिस ने गत दिनो थाना क्षेत्र के गाँव चांगीपुर से सामने आये गौकशी प्रकरण का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस द्वारा की गयी जांच में पता चला कि यह घटना धार्मिक भावना भड़काने के साथ-साथ राजनीतिक विरोधियों को फंसाने की एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी। पुलिस ने इस मामले में ग्राम प्रधान सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


पाठको को बताना  उचित होगा कि गत 18 जून को थाना  क्षेत्र के गाँव चांगीपुर के जंगल में गोवंश के अवशेष मिलने पर हड़कंप मच गया था। इस घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए थे। घटना को लेकर बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। गौकशी से जुड़े इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधिकारियों ने कई विशेष टीमों का गठन किया था। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और मुखबिरों से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने घटना की परतें खोलनी शुरू कीं। इसी क्रम में शनिवार देर रात पुलिस टीम की एक आरोपी फैजान से मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ के दौरान पैर मे गोली लगने पर घायल हुए फैजान को पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया है।


एसपी ग्रामीण प्रकाश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा की गयी पूछताछ में फैजान ने कई अहम खुलासे किए हैं। उसने बताया कि उसने अपने साथियों सलमान और जुबैर के साथ मिलकर गोकशी की वारदात को अंजाम दिया था। इस वारदात को अंजाम देने के पीछे का कारण गांव की राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और एक खास व्यक्ति को इस मामले में फंसाना था।


पुलिस द्वारा की गयी विस्तृत जांच में सामने आया कि गांव के मौजूदा प्रधान जगपाल की हिस्ट्रीशीटर हसन से राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता चल रही थी। आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए हसन की छवि खराब करने और उसे कानूनी शिकंजे में फंसाने के लिए कथित रूप से ये पूरी साजिश रची गई थी। आरोप है कि इसी योजना के तहत गोकशी की घटना को अंजाम देकर माहौल बनाने का प्रयास किया गया।


पुलिस ने इस मामले में फैजान, ग्राम प्रधान जगपाल, किरण पाल, राम अवतार और ब्रह्मपाल को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है, जिनमें गोवंश लाने और घटना को अंजाम देने में सहयोग करने वाले आरोपी शामिल हैं।


फिलहाल पुलिस फरार चल रहे सलमान, जुबैर और अन्य सहयोगियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। पुलिस का मानना है कि समय रहते साजिश का खुलासा होने से एक निर्दोष व्यक्ति को झूठे मुकदमे में फंसने से बचा लिया गया। वहीं इस खुलासे के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या