मेरठ/उत्तर प्रदेश - इंस्टाग्राम पर मिले आकर्षक ऑफर मे फंसी महिला से 31 लाख ठगी, महिला ने जेवर तक गिरवी रख भेज दिए पैसे - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, जून 16, 2026

मेरठ/उत्तर प्रदेश - इंस्टाग्राम पर मिले आकर्षक ऑफर मे फंसी महिला से 31 लाख ठगी, महिला ने जेवर तक गिरवी रख भेज दिए पैसे

newsindia17.com/uttar-pradesh/meerut-woman-cheated-of-31-lakh-instagram-cyber-fraud-jewelry-mortgaged/

उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ से सोशल मीडिया पर घर बैठे पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर होने वाली ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। साइबर अपराधियो ने देहली गेट थाना क्षेत्र निवासी एक महिला को कमाई का लालच देकर 31 लाख से अधिक की रकम ठग ली। शातिर ठगों ने शुरुआत में होटल रिव्यू जैसे छोटे टास्क देकर महिला का भरोसा जीता और फिर अधिक मुनाफे का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। हालात इस कदर बिगड़ गए कि पीड़िता को निवेश के लिए अपने सोने के जेवर तक गिरवी रखने पड़े।


पीड़िता प्रीति अग्रवाल ने साइबर क्राइम थाने में दी गयी तहरीर मे बताया कि इस पूरे खेल की शुरुआत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से हुई थी। प्रीति को इंस्टाग्राम पर 'मेगा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड' नाम के एक अकाउंट से मैसेज मिला। इसमें दावा किया गया था कि घर बैठे साधारण टास्क पूरे करके हर महीने हजारों रुपये कमाए जा सकते हैं। आकर्षक ऑफर देखकर प्रीति ने इसमें दिलचस्पी दिखाई और सहमति दे दी। इसके बाद ठगों ने उन्हें टेलीग्राम ऐप पर एक लिंक भेजा। यहां उन्हें आगे की प्रक्रिया और टास्क के बारे में निर्देश दिए जाने लगे।


शुरुआत में पीड़िता को बेहद आसान काम जैसे 'होटल रिव्यू' करने जैसे टास्क दिए गए। ये टास्क पूरे होने पर ठगों ने कमीशन के रूप में कुछ रकम सीधे प्रीति के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी। इससे प्रीति को कंपनी के असली होने का पूरा भरोसा हो गया। प्रीति का भरोसा जीतने के बाद ठगों ने अपना असली खेल शुरू किया। उन्होंने कहा कि अगर बड़ी रकम का निवेश करने पर उनका मुनाफा कई गुना बढ़ जाएगा। झांसे में आकर प्रीति ने 6 जून से 11 जून के बीच अपने और अपने परिचितों के खातों से कुल 31 लाख 53 हजार 243 रुपये आरोपियों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। ठगों के दबाव में आकर उन्होंने अपने कीमती जेवर तक गिरवी रख दिए ताकि और पैसे निवेश कर सकें।


करोड़ों के मुनाफे का सपना दिखा रहे ठगों की भूख यहीं शांत नहीं हुई। कुछ दिनों बाद उन्होंने प्रीति से 1.50 लाख रुपये की और मांग की। इस बार प्रीति द्वारा इंकार किये जाने पर आरोपियों ने उसका टेलीग्राम और निवेश पोर्टल वाला अकाउंट पूरी तरह बंद कर दिया। अकाउंट ब्लॉक होते ही प्रीति के पैरों तले जमीन खिसक गई और समझ आ गया कि वे एक बहुत बड़ी साइबर ठगी का शिकार हो चुकी हैं।


ठगी का अहसास होने के बाद प्रीति अग्रवाल ने तुरंत भारत सरकार के साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मेरठ के साइबर क्राइम थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की टीम अब उन सभी बैंक खातों की डिटेल खंगाल रही है, जिनमें पीड़िता ने पैसे ट्रांसफर किए थे। पुलिस इन खातों के जरिए आरोपियों के ठिकाने और उनकी पहचान स्थापित करने की कोशिश कर रही है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या