![]() |
| युवती की फाइल फोटो व पुलिस चौकी के अतिरिक्त एआई जनरटेड ग्राफिक्स |
जिला अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में आज सोमवार की सुबह एक 19 वर्षीय युवती का शव आम के बाग़ मे पेड़ से लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के सेमला गांव निवासी किसान नन्हे चौहान की पुत्री ललिता आयु 19 वर्ष कल रविवार सुबह घर से अमरोहा जाने को कहकर निकली थी। परिजनों के मुताबिक वह किसी संस्था में नौकरी के लिए आवेदन पत्र भरने गई थी। दिन मे कई बार मोबाइल के माध्यम से परिजनो व ललिता के बीच बात भी हुई थी। मृतका की मां धनवती ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे तक ललिता अमरोहा में थी। करीब तीन बजे उसने फोन पर बताया कि वह सिहाली जागीर पहुंच गई है। शाम लगभग चार बजे उसने कहा कि वह गांव लौटने के लिए मनौटा की ओर आ रही है। इसके बाद शाम छह बजे से उसका मोबाइल फोन बंद हो गया, जिससे परिजन चिंतित हो गए।
आज सोमवार सुबह ग्रामीणो ने आम के बाग में एक युवती का शव दुपट्टे के सहारे पेड़ पर लटका देखा। पास जाने पर पता लगा कि शव लापता ललिता का है। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा और घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर हसनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी, अपराध निरीक्षक अमरपाल सिंह तथा धनोरा सर्कल की सीओ अंजलि कटारिया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की मां धनवती ने पुलिस को तहरीर देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। पुलिस परिजनों के बयान, मोबाइल कॉल डिटेल, युवती की गतिविधियों और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों से तहरीर प्राप्त हो गई है सभी संभावित पहलूओ से मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

