जिला शाहजहांपुर के पुंवाया थाना क्षेत्र से भतीजे द्वारा की जा रही आपत्तिजनक व अभद्र टिप्पणियों के चलते एक 40 वर्षीय महिला द्वारा आत्महत्या किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। इस मामले मे मृतका के पति द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव मुकीमपुर निवासी रामचंद्र राजस्थान स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी रूबी देवी आयु 40 वर्ष कल देर रविवार शाम पुवायां स्थित जिंद बाबा के स्थान पर पहुंची और विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन रूबी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान रविवार देर रात रूबी की मौत हो गई।
मृतका के पति रामचंद्र का आरोप है कि उनका भतीजा हितेश अवस्थी आयु 25 वर्ष लंबे समय से उनकी पत्नी के चरित्र पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था। उनका कहना है कि इसी को लेकर कल रविवार दोपहर दोनों के बीच विवाद हुआ था और आरोपी ने उनकी पत्नी के साथ मारपीट भी की थी। पति का आरोप है कि इस घटना से मानसिक रूप से आहत होकर उनकी पत्नी ने आत्मघाती कदम उठा लिया। रामचंद्र के अनुसार वह दो दिन पहले ही राजस्थान से अपने गांव लौटे थे। घर आने पर पत्नी ने उन्हें कथित उत्पीड़न की पूरी जानकारी दी थी। उनका यह भी आरोप है कि पहले शिकायत करने की कोशिश की गई थी, लेकिन आरोपी पक्ष के दबाव के कारण मामला आगे नहीं बढ़ पाया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। क्षेत्राधिकारी तिलहर प्रवीण मलिक ने बताया कि शुरुआती जांच में महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। परिजनों ने एक युवक पर महिला को कथित रूप से बदनाम करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह समाचार पुलिस में दर्ज शिकायत और परिजनों के आरोपों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। न्यूज इंडिया 17 किसी भी पक्ष को दोषी नहीं ठहराता।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

