बरेली/उत्तर प्रदेश - भाई की हत्या का आरोपी हिस्ट्रीशीटर गुड्डू उर्फ तौफीक पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस की गोली लगने पर हुआ घायल - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, जुलाई 21, 2026

बरेली/उत्तर प्रदेश - भाई की हत्या का आरोपी हिस्ट्रीशीटर गुड्डू उर्फ तौफीक पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस की गोली लगने पर हुआ घायल

https://newsindia17.com/bareilly-historysheeter-guddu-alias-taufiq-arrested-after-police-encounter-brother-murder-case

पारिवारिक विवाद के चलते अपने सगे भाई की गोली मारकर हत्या करने के मामले में वाँछित हिस्ट्रीशीटर गुड्डू उर्फ तौफीक को पुलिस ने आज मंगलवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की ओर से की गई फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगने के बाद उसे दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।


पुलिस के अनुसार गत 16 जुलाई को शेरगढ़ थाना क्षेत्र के खजुआ जागीर गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान गुड्डू उर्फ तौफीक ने अपने छोटे भाई इसरार पर 12 बोर के तमंचे से गोली चला दी थी। गोली लगने पर गंभीर रूप से घायल हुए इसरार की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। इस मामले मे पुलिस ने मृतक की पत्नी द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।


मंगलवार तड़के करीब तीन बजे शेरगढ़ पुलिस वांछित अपराधियों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गुड्डू उर्फ तौफीक कस्बापुर पुल की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई।


पुलिस का दावा है कि खुद को चारों ओर से घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान सिपाही अंकुर भाटी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया, जबकि घायल सिपाही का भी इलाज कराया गया।


गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पुष्टि की है कि इसी हथियार से इसरार की हत्या की गई थी।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुड्डू उर्फ तौफीक शेरगढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या, मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 33 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला, मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट की धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या