कल शनिवार की देर रात मुरादाबाद-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक गाँव मे हुई बुजुर्ग की निर्मम हत्या से क्षेत्र मे हड़कंप मच गया। आज रविवार सुबह चाय लेकर पहुंचीं पत्नी को बुजुर्ग का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करण सिंह आयु 70 वर्ष पुत्र कल्लू सिंह निवासी ग्राम नानपुर हाईवे किनारे स्थित बिजलीघर के पास गन्ने के रस का ठेला लगाते थे। दिन में ठेला लगाने के साथ ही करण सिंह रात को बिजलीघर की चौकीदारी भी करते थे। कल शनिवार की रात भी वे अपनी झोपड़ी के बाहर पड़े तख्त पर सोये थे। परिजनो के अनुसार देर रात किसी अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर करण सिंह की हत्या कर दी। इस हमले से बचाव के दौरान करण सिंह के चेहरे व हाथ पर भी गंभीर चोटे आयी है। आज रविवार सुबह चाय देने मौके पर पहुँची करण सिंह की पत्नी की चीख पुकार सुनकर स्थानीय निवासी मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह, सीओ बिलारी अशोक कुमार, कुंदरकी और मैंनाठेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि करण सिंह के दो बेटे प्रदीप उर्फ छोटे और जीतू सिंह अपने परिवार के साथ गांव में रहते हैं, जबकि करण सिंह अकेले हाईवे किनारे बनी झोपड़ी में रहते थे। पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर पुलिस जल्द ही हत्या का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

