जिला रामपुर के अजीमनगर थाना क्षेत्र से गत 4 वर्षो से लापता मानसिक रूप से कमजोर बेटे की जानकारी मांगने पर दो पक्षो के बीच विवाद होने का मामला प्रकाश मे आया है। आज शनिवार शाम हुआ ये विवाद देखते ही देखते मारपीट मे तब्दील हो गया। इस घटना मे दोनो पक्षो के कई लोग घायल हुए है। पुलिस ने सभी घायलो का चिकित्स्कीय परीक्षण कराने के साथ ही मामले की जाँच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गाँव बगडख़ा निवासी आले हसन ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र मे बताया कि उसका 18 वर्षीय बेटा शदाब मानसिक रूप से अस्वस्थ है। आरोप है कि करीब चार वर्ष पहले गांव का ही जीशान पुत्र इरशाद उसे काम दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। इसके बाद से आज तक शदाब का कोई पता नहीं चल सका। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं। परिवार के अनुसार युवक के लापता होने से जुड़ा मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है।
पीड़ित परिवार के मुताबिक आज शनिवार को जीशान गांव आया था। इसी दौरान आले हसन ने उससे अपने बेटे शदाब के बारे में जानकारी मांगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि कुछ ही देर में जीशान ने अपने साथियों और परिजनों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।आरोप है कि इस दौरान ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया गया। मारपीट में रशीद, साजिद, उवैस, तारीफ, नसरीन और कासिम घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष से दिलशाद के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही अजीमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा। मामले को लेकर पुलिस ने संबंधित पक्षों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही 4 साल से लापता शदाब का पता लगाने की मांग की है। परिवार का कहना है कि बेटे के लापता होने के बाद से वे लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक अजीमनगर दयाशंकर ने बताया कि दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

