जिला पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र मे सिगरेट उधार देने से इनकार करना एक बुजुर्ग किराना दुकानदार को भारी पड़ गया। गांव के तीन लोग किराना दुकानदार के घर में घुस आए और लोहे की रॉड और बेलचे से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए किराना दुकानदार ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते मे दम तोड़ दिया। इस हमले मे किराना दुकानदार की पत्नी व पुत्रवधू भी घायल हुई है। घटना के बाद से क्षेत्र मे तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गाँव नारायणपुर निवासी अवनीश गुप्ता ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि उसके पिता श्रीपाल श्रीपाल गुप्ता आयु 66 वर्ष गांव के बीचोंबीच किराने की दुकान चलाते थे। कल मंगलवार की देर शाम करीब 7:40 बजे गांव का ही सुशील कुमार उर्फ भोला दुकान पर आया और सिगरेट उधार लेकर चला गया। कुछ देर बाद वह दोबारा सिगरेट लेने पहुंचा। आरोप है कि इस बार श्रीपाल ने उधार देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर सुशील ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने की आशंका पर श्रीपाल दुकान से सटे घर के अंदर चले गए।
बताया गया कि कुछ ही देर बाद सुशील उर्फ भोला अपने भाई सुनील और पिता महेंद्र पाल के साथ घर में घुस आया। आरोप है कि हमलावरों में से एक के हाथ में लोहे की धारदार रॉड और बेलचा था। इन तीनों ने श्रीपाल पर हमला कर दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर लगातार वार किए जाने से श्रीपाल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े। श्रीपाल को बचाने आयी उनकी पत्नी मुन्नी देवी और पुत्रवधू छाया के साथ भी आरोपियो ने मारपीट की। आरोप है कि घर में मौजूद दो मासूम बच्चियों के साथ भी हमलावरों ने मारपीट की और उन्हें उठाकर फेंक दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस घटना मे घायल हुए श्रीपाल व अन्य परिजनो को 108 एंबुलेंस से बरखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद श्रीपाल की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।हालत में सुधार न होने पर परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही श्रीपाल की मौत हो गई। मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस आरोपों की जांच करते हुए हमले में शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

