जिला संभल के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र मे आज सोमवार की सुबह एक 80 वर्षीय महिला का शव घर के अंदर पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। महिला के परिजनो का कहना है कि चोरी करने के इरादे से घर मे घुसे बदमाशो ने उनकी हत्या की है। हालाँकि पुलिस ने अभी इस मामले मे चोरी होने की पुष्टि नही की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पाठको को बताना उचित होगा कि मेहराज बेगम आयु 80 वर्ष पत्नी जफर हुसैन नगर के पंजाबी मंदिर के पास मौहल्ला कागजी मे अकेली ही रहती थी। उनके तीन बेटे जाकिर हुसैन, नाजिम हुसैन और मारूल हुसैन घर छोटा होने के कारण अलग अलग किराये के मकानो मे रहते है। परिजनो ने बताया कि आज उन्हे आज सोमवार की सुबह करीब 11 बजे मेहराज बेगम की मौत की जानकारी मिली। मृतका की पुत्रवधू मीना ने बताया कि दवाई लेने बाजार जाते समय उसने घर का दरवाजा खुला देखा और अंदर चली गयी। उसने घर मे मौजूद रही मेहराज बेगम को आवाज देकर उठाने का काफी प्रयास किया मगर कोई प्रतिक्रिया नही हुई।
मीना ने तुरंत ही आसपास के लोगो को मौके पर बुलाया। पड़ोसियो के आने और जांच किये जाने पर महिला के मृत होने की पुष्टि हुई। सूचना पाकर अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनो ने इस मौत को सामान्य मानने से इंकार करते हुए पुलिस को सूचना दी। दोपहर करीब ढाई बजे मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
मृतका के दामाद जमील अहमद ने दावा किया कि मेहराज बेगम के घर में दो-तीन दिन पहले भी चोरी हुई थी। उनका कहना है कि इस संबंध में पुलिस को सूचना दी गई थी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। जमील अहमद के मुताबिक बीती रात भी घर में चोरी की गई। आरोप है कि चोर तीन-चार बकरियां, सोने-चांदी के आभूषण और करीब 14 हजार रुपये की नकदी ले गए। परिजनों को आशंका है कि चोरी के दौरान ही बदमाशों ने बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट कर उनकी जान ले ली। परिवार की सदस्य शबनम ने भी हत्या का आरोप लगाया है। वही मीना ने महिला के हाथ बाहर निकले होने और गले पर निशान होने की बात कही। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हुई है।
दूसरी ओर प्रभारी निरीक्षक चंदौसी संत कुमार ने फिलहाल घर में चोरी होने की बात से इनकार किया है। पुलिस के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है और अभी तक चोरी से संबंधित कोई पुष्टि नहीं हुई है।
सीओ चंदौसी विवेक जावला ने बताया कि महिला की मौत हुई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि जांच मे चोरी से सम्बंधित कोई तथ्य सामने आने पर उस पहलू को भी गंभीरता से देखा जाएगा। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बुजुर्ग महिला की मौत स्वाभाविक थी या किसी आपराधिक घटना का परिणाम।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

