धामपुर/जिला बिजनौर - मंदिर की चौथी मंजिल पर लगी भीषण आग की चपेट मे आकर फाइबर शेड और सोलर पैनल जलकर राख, मची अफरातफरी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, अगस्त 18, 2026

धामपुर/जिला बिजनौर - मंदिर की चौथी मंजिल पर लगी भीषण आग की चपेट मे आकर फाइबर शेड और सोलर पैनल जलकर राख, मची अफरातफरी

dhampur-bijnor-mandir-ki-chauthi-manjil-par-lagi-bhishan-aag-fiber-chhat-solar-panel-jalkar-rakh

कल सोमवार की देर शाम धामपुर नगर के मोहल्ला साहूवान स्थित श्री राम मंदिर की चौथी मंजिल पर भीषण आग लगने पर क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस भीषण अग्निकांड मे मंदिर की ऊपरी मंजिल पर लगी फाइबर की छत और सोलर पैनल जलकर राख हो गए। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। मौके पर पहुंची दमकल की 4 गाड़ियो ने कड़ी मशक्क्त के बाद आग पर काबू पाया।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सबसे पहले मोहल्ले के लोगों ने मंदिर की चौथी मंजिल से धुआं उठता देख भवन स्वामी राधेश्याम व्यास को जानकारी दी। सूचना मिलने पर सचेत हुए लोग मौके पर पहुँचते इससे पहले ही आग तेजी से फैल चुकी थी। फाइबर और प्लास्टिक से संबंधित सामग्री होने के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया।


घटना की सूचना मिलते ही सीओ अंजनी चतुर्वेदी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मंदिर के आसपास जमा भीड़ को हटाकर रास्ता खाली कराया, ताकि दमकल की गाड़ियों को आग बुझाने में परेशानी न हो। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक धुआं उठने और कुछ हिस्सों में आग सुलगती रहने के कारण दो अन्य दमकल गाड़ियों को भी बुलाया गया। चार दमकल वाहनों की मदद से करीब एक घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।


स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने की सूचना देने के बाद दमकल की गाड़ियों के पहुंचने में करीब आधे घंटे का समय लगा। दमकल के पहुंचने से पहले नगर पालिका के पानी के टैंकर भी मौके पर पहुंच गए थे, लेकिन मंदिर की चौथी मंजिल पर आग होने के कारण उनसे आग बुझाने में अपेक्षित मदद नहीं मिल सकी। आसपास के घरों से भी लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।


बताया गया कि ये मंदिर मुख्य बाजार के नजदीक एक संकरी गली में स्थित है, जिसके चलते दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में भी चुनौती का सामना करना पड़ा। आग से मंदिर की चौथी मंजिल पर लगी फाइबर छत और सोलर पैनलों को काफी नुकसान हुआ है। फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन नहीं हो सका है।


सीओ अंजनी चतुर्वेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मंदिर में लगे एसी में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि, आग लगने के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


गौरतलब है कि पिछले माह भी धामपुर के मुख्य बाजार में गुरु नानक गारमेंट के दूसरी मंजिल स्थित गोदाम में आग लग गई थी। लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता देखी जा रही है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या