जीआरपी रामपुर, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम को नशीले पदार्थो की तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान मे बड़ी सफलता मिली है। जीआरपी, आरपीएफ व सीआईबी की संयुक्त टीम ने कल सोमवार की देर रात चेकिंग के दौरान रामपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से दो महिलाओ समेत 3 संदिग्धो को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 25.40 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद किये गए गांजे की कीमत लगभग 15 लाख रूपये बताई गयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस महानिदेशक रेलवे के निर्देश पर कल सोमवार की रात जीआरपी रामपुर, आरपीएफ रामपुर-बरेली तथा सीआईबी मुरादाबाद और बनारस की संयुक्त टीम रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की जांच कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर एक पर तीन संदिग्ध नजर ने पर पुलिस टीम ने उन्हे हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद होने पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमिला देवी आयु 27 वर्ष, रीना देवी आयु 35 वर्ष और रोहित कुमार 26 वर्ष के रूप में हुई है। प्रमिला देवी और रीना देवी बिहार के भागलपुर जिले के रंगरा थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई गई हैं, जबकि रोहित कुमार झारखंड के गोड्डा जिले के मधुरा थाना क्षेत्र का निवासी है।
तलाशी के दौरान प्रमिला देवी के पास से 6.10 किलोग्राम, रीना देवी के पास से 6.10 किलोग्राम और रोहित कुमार के पास से 13.20 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस तरह तीनों के कब्जे से बरामद गांजे का कुल वजन 25.40 किलोग्राम निकला। पुलिस ने बरामद गांजे को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों के खिलाफ जीआरपी रामपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया है।
जीआरपी थाना प्रभारी ईश्वर चंद्र के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे रामपुर या किसी अन्य स्थान पर किसे पहुंचाया जाना था। पुलिस की जांच में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में भी जानकारी सामने आने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार रेलवे स्टेशन और ट्रेनों के माध्यम से नशीले पदार्थों की तस्करी तथा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

