फैजगंज बेहटा/जिला बदायूँ - प्राचीन मंदिर से गायब हुए शिवलिंग को लेकर श्रद्धालुओ मे आक्रोश, पुलिस जाँच में जुटी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, अगस्त 15, 2026

फैजगंज बेहटा/जिला बदायूँ - प्राचीन मंदिर से गायब हुए शिवलिंग को लेकर श्रद्धालुओ मे आक्रोश, पुलिस जाँच में जुटी

faizganj-behta-badaun-prachin-mandir-se-shivling-gayab-shraddhaluon-me-aakrosh-police-janch

सावन के पावन माह में जिला बदायूं के फैजगंज बेहटा कस्बे मे स्थित प्राचीन मंदिर से शिवलिंग गायब होने का मामला सामने आया है। बताया गया कि कल शुक्रवार दोपहर पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए थे। शाम करीब चार बजे मंदिर के कपाट खुलने पर शिवलिंग अपने स्थान से गायब मिला। इसकी जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ मंदिर में जुट गई और घटना को लेकर आक्रोश फैल गया। मामला कस्बे के वार्ड नंबर-1 स्थित प्राचीन मंदिर का है। बताया जा रहा है कि मंदिर में भगवान शिव के शिवलिंग के साथ भगवान हनुमान की प्रतिमा भी स्थापित है।


स्थानीय निवासियो के अनुसार कल  शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे तक मंदिर में पूजा-अर्चना चल रही थी और श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई थी। भक्तों ने शिवलिंग पर जल चढ़ाकर भगवान शिव की पूजा की। इसके बाद दोपहर में मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए थे। शाम करीब चार बजे मंदिर के कपाट खोले जाने पर शिवलिंग अपने स्थान पर नहीं था। मंदिर के अंदर शिवलिंग नहीं मिलने की खबर कुछ ही देर में स्थानीय निवासियो तक पहुंच गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।


शिवलिंग गायब होने की सूचना मिलने पर फैजगंज बेहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाते हुए शिवलिंग की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ ही यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मंदिर में आखिरी बार कौन-कौन लोग मौजूद थे। आसपास के संदिग्ध लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।


पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अराजक तत्व ने माहौल बिगाड़ने के इरादे से शिवलिंग को मंदिर से हटाया हो सकता है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है, यह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


घटना के बाद श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को देखते हुए मंदिर में नए शिवलिंग की स्थापना कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। सीओ अंशुमन श्रीवास्तव के अनुसार, नए शिवलिंग की स्थापना विधि-विधान के साथ कराई जा रही है, जिससे श्रद्धालु दोबारा नियमित रूप से पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कर सकें।


फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सावन के दौरान हुई इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोग शिवलिंग गायब करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

counter
अभी तक पाठक संख्या