सुनगढ़ी/जिला पीलीभीत - नवविवाहिता ने लगाया दहेज प्रताड़ना और जान से मारने के प्रयास का गंभीर आरोप, कोर्ट के आदेश पर पति समेत 7 के खिलाफ मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, अगस्त 15, 2026

सुनगढ़ी/जिला पीलीभीत - नवविवाहिता ने लगाया दहेज प्रताड़ना और जान से मारने के प्रयास का गंभीर आरोप, कोर्ट के आदेश पर पति समेत 7 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

/sungarhi-pilibhit-navvivahita-dowry-harassment-attempt-to-murder-case-against-7

जिला पीलीभीत के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र निवासी एक नवविवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जान से मारने की कोशिश करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पीड़िता प्रगति के अनुसार उसकी शादी 11 फरवरी 2026 को बरखेड़ा थाना क्षेत्र के कढ़ेला गांव निवासी रामजी के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद पहली विदाई में ही पति ने उसे पसंद न करने की बात कही और इसके बाद मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान करना शुरू कर दिया। प्रगति का आरोप है कि ससुराल में उसे लगातार कम दहेज लाने के ताने दिए जाते थे। इसी दौरान ससुराल पक्ष की ओर से कथित तौर पर 45 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की गई। इस मांग पूरी करने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई।


विवाहिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में अपने देवर पर अश्लील हरकत करने का भी आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि पति और सास ने उसका गला दबाकर जान से मारने का भी प्रयास किया। पीड़िता के अनुसार ससुराल में उसके साथ उत्पीड़न का ये सिलसिला लगातार चलता रहा। आरोप है कि 9 जून को भी ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे जबरन घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद उसने न्याय के लिए अदालत की शरण ली।


न्यायालय के निर्देश के बाद सुनगढ़ी पुलिस ने पति रामजी, सास कुंती देवी, ससुर रामासरे उर्फ रामबाबू, देवर श्याम, ननद शीतल, ननदोई शिवम और चचिया ससुर कुंवरसेन के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।


थाना अध्यक्ष नरेश त्यागी ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

conter12
अभी तक पाठक संख्या