जिला बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र से संविदा पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3.35 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले मे थाना क्षेत्र के गांव मुकीमपुर जमाल निवासी विनय कुमार ने विक्रम नाम के व्यक्ति पर नौकरी लगवाने के नाम पर रकम लेने, जल निगम का फर्जी नियुक्ति पत्र भेजने और बाद में अतिरिक्त पैसे मांगने का आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता विनय कुमार पुत्र संतराम के मुताबिक 15 जुलाई 2025 को उसकी मुलाकात विक्रम नाम के व्यक्ति से हुई थी। विक्रम ने खुद को संविदा पर नौकरी लगवाने वाला बताते हुए कई लोगों की नियुक्ति कराने का दावा किया था। विक्रम की बातो के जाल में फंसे विनय ने अपने रिश्तेदार हेमराज और आनंद की नौकरी लगवाने के लिए उसको जरूरी दस्तावेज दे दिए। बताया गया कि इन दोनो की नौकरी के लिए पांच लाख रुपये में सौदा तय हुआ था।
विनय के अनुसार 13 अगस्त 2025 को उसने हेमराज और आनंद की मौजूदगी में तीन लाख रुपये विक्रम को दे दिए। विक्रम ने उनसे कहा कि कुछ दिनों बाद नियुक्ति पत्र मिल जायेगा। इसके बाद जल निगम कार्यालय के नाम से हेमराज के घर एक पत्र भी भेजा गया। नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर विक्रम ने बाद में और रकम की मांग शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार, 29 अगस्त को पांच हजार, छह अक्टूबर को 10 हजार और 16 अक्टूबर को 15 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे गए। इसके अलावा पांच हजार रुपये नकद भी दिए गए। इस तरह शिकायतकर्ता का दावा है कि विक्रम को कुल 3.35 लाख रुपये विक्रम को दे दिए गए।
विनय का आरोप है कि इस मामले की वास्तविकता जानने के लिए वह हेमराज को लेकर मुरादाबाद स्थित जल निगम कार्यालय पहुंचा। वहां नियुक्ति से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराये जाने पर सभी पत्र फर्जी बताए गए। इसके बाद विनय ने विक्रम से अपनी रकम वापस मांगी लेकिन उसने फोन उठाना बंद कर दिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक 16 दिसंबर 2025 को वाट्सऐप पर हुई बातचीत के दौरान विक्रम ने रकम वापस करने से इनकार कर दिया। विनय ने बातचीत के दौरान धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उस समय शेर सिंह भी मौके पर मौजूद थे और उन्होंने पूरी बातचीत सुनी थी।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब आरोपी पर लगाए गए आरोपों, रकम के लेनदेन, नियुक्ति पत्र और जल निगम से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

