भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने आज बुधवार को जिला संभल के गुन्नौर तहसील क्षेत्र से एक लेखपाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी लेखपाल पर पट्टे की जमीन की पैमाइश करने के एवज मे किसान से रिश्वत मांगने का आरोप है। एंटी करप्शन टीम द्वारा की गयी इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग मे हड़कप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रजपुरा थाना क्षेत्र के गाँव फतेहपुर नासिर गाँव निवासी किसान महिपाल सिंह की पट्टे की भूमि बसंतपुर डण्डा गाँव मे है। किसान ने आरोप लगाया कि इस भूमि की पैमाइश करने को लेकर लेखपाल अमन कुमार उसे पिछले 15 दिन से परेशान कर रहा था। किसान द्वारा एंटी करप्शन मुरादाबाद मे की गयी शिकायत के अनुसार लेखपाल अमन कुमार ने उससे 50 हजार रूपये की मांग की थी। काफी मान मनौव्वल के बाद अमन कुमार 20 हजार मे काम निपटने के लिए राजी हो गया था।
लेखपाल द्वारा की जा रही रिश्वत की मांग को लेकर परेशान किसान ने इस मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम मुरादाबाद से की थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद सक्रिय हुई एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को पकड़ने के लिए योजना बनाई। आज बुधवार को लेखपाल अमन कुमार उक्त भूमि की पैमाइश करने बबराला क्षेत्र के गाँव सेंजना अहरान पहुंचा। लेखपाल ने किसान महिपाल सिंह को भी वही बुलाया था। किसान के मुताबिक लेखपाल ने बाइक पर बैठे-बैठे उससे 10 हजार रुपये लिए और वहां से रवाना हो गया।
रिश्वत की रकम दिए जाने की पुष्टि होते ही एंटी करप्शन टीम ने आरोपी लेखपाल का पीछा शुरू कर दिया। टीम ने धनारी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को धनारी थाने ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया। मामले में जांच और कानूनी प्रक्रिया आगे जारी है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

