नहटौर थाना क्षेत्र के एक गाँव निवासी महिला ने अपने पति पर बिना तलाक हुए दूसरी शादी करने की तैयारी किये जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष के 5 सदस्यो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
पीड़िता रितु शर्मा ने कल मंगलवार की देर शाम पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि उसका विवाह थाना क्षेत्र के गाँव सीकरी भोगपुर निवासी निखिल शर्मा के साथ हुआ था। आरोप है कि आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे। इसी सबके चलते करीब 7 वर्ष पहले पति व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यो ने उसे 3 वर्षीय बेटी के साथ घर से निकाल दिया गया था। इसके बाद से वह रुड़की में रहकर अपनी बेटी का पालन-पोषण कर रही थी। आरोप है कि पति से फोन पर बातचीत के दौरान भी उसके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की जाती थी। पीड़िता ने ससुराल लौटने पर उसे जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता के अनुसार हाल ही में उसे जानकारी मिली कि उसका पति बिना तलाक हुए दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहा है। इस सूचना के बाद वह अपनी बेटी के साथ ससुराल पहुंची। आरोप है कि वहां ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया और धमकी देते हुए वापस चले जाने को कहा।
पुलिस ने महिला द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पति सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक किशन अवतार ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

