![]() |
| मृतका की फाइल फोटो के अतिरिक्त दर्शित घटनास्थल के चित्र एआई जनरेटेड है। |
उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा से प्रेम प्रसंग के विवाद मे एक महिला की निर्मम हत्या किये जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश मे आया है। हत्यारोपी इस वारदात को ख़ुदकुशी का रूप देने की फ़िराक मे था मगर मौके पर पहुंची मृतका की बेटी की सतर्कता और डायल 112 की टीम ने उसकी इस कोशिश को नाकाम कर दिया। पुलिस टीम ने आरोपी प्रेमी को मौके से ही धर दबोचा।
मूल रूप से जिला मुरादाबाद के सहसपुर, थाना क्षेत्र बिलारी की निवासी शमा परवीन अपने पति महबूब अली से तलाक होने के बाद अपने बेटी और दामाद के साथ जोया कस्बे के टंकी मौहल्ले मे रही थी। कल शनिवार की देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब शमा परवीन के कमरे मे पहुंची उसकी बेटी नेहा ने देखा कि एक व्यक्ति उसकी माँ के शव को रस्सी से बांधकर पंखे पर लटकाने का प्रयास कर रहा है। नेहा ने बिना देर किये चिल्लाना शुरू कर दिया। नेहा की आवाज सुनकर आसपास के निवासी मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत ही डायल 112 को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस टीम को देखकर आरोपी मौके ने मौके से भागने का प्रयास किया। डायल-112 पर तैनात दीवान कुलदीप चौहान और चालक हरवीर सिंह ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे धर दबोचा। पुलिस हिरासत मे लिए गए आरोपी की पहचान जिला बिजनौर के चाँदपुर थाना क्षेत्र निवासी नूरुद्दीन के रूप मे हुई। पुलिस द्वारा कड़ाई से की गयी पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि शमा परवीन के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। रात किसी बात को लेकर दोनो के बीच कहासुनी हुई थी। इसी कहासुनी के दौरान आक्रोशित होकर उसने शमा का गला दबाकर हत्या कर दी।
एडिशनल एसपी अमरोहा अखिलेश भदौरिया ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे के सटीक कारणों की पुष्टि गहन जांच के बाद ही हो सकेगी। परिजनों की ओर से तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

