बढ़ापुर/ बिजनौर - खेत में टूटी पड़ी हाईटेंशन लाइन की चपेट मे आकर पूर्व ग्राम प्रधान की मौत, परिजनो मे मचा हड़कंप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, अगस्त 09, 2026

बढ़ापुर/ बिजनौर - खेत में टूटी पड़ी हाईटेंशन लाइन की चपेट मे आकर पूर्व ग्राम प्रधान की मौत, परिजनो मे मचा हड़कंप

newsindia17.com/badhapur-bijnor-former-village-pradhan-dies-high-tension-line

जिला बिजनौर के बढ़ापुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ कल शनिवार शाम खेतो मे घूमने गए पूर्व ग्राम प्रधान की टूटी पड़ी हाई टेंशन लाइन की चपेट मे आकर मौत हो गयी। पूर्व प्रधान का शव आज रविवार की सुबह खेत मे पड़ा मिलने के बाद हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम रहमापुर निवासी पूर्व ग्राम प्रधान उमेश कुमार आयु 55 वर्ष कल शनिवार की शाम अपने खेतो की ओर घूमने गए थे। उमेश कुमार के देर रात तक वापस न आने पर परिजनो को चिंता हुई और सभी परिचितो व रिश्तेदारो से जानकारी की। इस सबके बाद भी उमेश कुमार का कोई सुराग नही मिल सका था।


आज रविवार की सुबह खेतो पर गए किसानो ने देखा कि उमेश कुमार अचेत अवस्था मे पड़े है और पास ही हाई टेंशन बिजली की लाइन का तार भी पड़ा हुआ है। किसानो ने तत्काल उमेश कुमार के परिजनो को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनो ने देखा कि उमेश कुमार की मौत हो चुकी है। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि खेत में टूटकर गिरे हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आने से उमेश कुमार की मौत हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही बढ़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही बिजली विभाग के अधिकारियों को भी हादसे की सूचना दी गई।


बताया गया है कि उमेश कुमार गांव के पूर्व प्रधान भी रह चुके थे। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी के अलावा 16 वर्षीय बेटा यश कुमार और 14 वर्षीय बेटी नैना हैं। उमेश की अचानक मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


हल्का उपनिरीक्षक विष्णु शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने पर मौत होने की बात सामने आई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। वहीं बिजली विभाग के जेई सुनील कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है और मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली जा रही है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या