किरतपुर/जिला बिजनौर - कलश यात्रा के दौरान डीजे मे उतरे करंट की चपेट मे आकर 21 वर्षीय युवक की मौत, परिजनो मे मचा कोहराम - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, अगस्त 10, 2026

किरतपुर/जिला बिजनौर - कलश यात्रा के दौरान डीजे मे उतरे करंट की चपेट मे आकर 21 वर्षीय युवक की मौत, परिजनो मे मचा कोहराम

newsindia17.com/kiratpur-kalash-yatra-dj-karant-yuvak-maut

किरतपुर नगर मे आयोजित की जा रही श्री शिव महापुराण कथा से पूर्व आज सोमवार को निकाली गयी कलश यात्रा के दौरान हवा मे झूल रहे बिजली के तार की चपेट मे आकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गयी। इस हादसे के दौरान मौके पर मौजूद अन्य युवको को भी झटका लगा मगर वे पीछे हटकर बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गयी।


प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सोमवार की सुबह लगभग साढ़े 11 बजे नगर  के प्राचीन महाकाली सिद्धपीठ मंदिर से गाजे बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली जा रही थी। यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुई जैन चौराहा पार  कर सर्राफा मार्केट की ओर पहुंची थी। इसी दौरान आगे चल रहा डीजे हवा मे झूल रहे बिजली के तार से छू गया। तार के संपर्क मे आते ही डीजे मे करंट दौड़ गया और डीजे को  खींच रहे छह से सात युवक करंट की चपेट मे आ गए। करंट का झटका महसूस होते ही सभी युवक पीछे हट गए मगर प्रियांशु राजपूत आयु 21 वर्ष चपेट मे आ गया और मौके पर ही गिर गया।


परिजन व स्थानीय निवासी प्रियांशु को लेकर नजदीकी निजी चिकित्सक के यहाँ पहुंचे। जहाँ चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजनो मे कोहराम मच गया और धार्मिक माहौल भी गमगीन हो गया।  बताया गया कि मृतक युवक के पिता तिरुभवन देव राजपूत किसान हैं। परिवार में माता-पिता के अलावा एक बहन है। परिजनों के मुताबिक प्रियांशु कक्षा आठ तक पढ़ा था और मानसिक रूप से कुछ कमजोर था।


इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ समय पूर्व क्षेत्र में सुनील नाम के व्यक्ति का बिजली कनेक्शन काटा गया था, लेकिन कनेक्शन काटने के बाद संबंधित तार को सुरक्षित तरीके से हटाने के बजाय उसे खुले में हवा में लटकता छोड़ दिया गया। लोगों का कहना है कि समय रहते तार को हटा दिए जाने पर ये हादसा टाला जा सकता था। इस घटना ने बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था और जुलूस व धार्मिक आयोजनों के दौरान बिजली आपूर्ति बंद किए जाने की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


बिजली विभाग के एसडीओ रवि प्रसाद ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंचने के बाद ही घटना के संबंध में पूरी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह जांच का विषय है कि मौके पर लटका हुआ तार बिजली विभाग की लाइन का था अथवा जनरेटर से संबंधित था।


किरतपुर कस्बा इंचार्ज दीपक नागर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने स्थिति को संभाला और शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। पुलिस के अनुसार परिजनों की ओर से प्रार्थना पत्र मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल मन्नान ने कहा कि सामान्य तौर पर नगर क्षेत्र में कोई जुलूस या कलश यात्रा निकाले जाने के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर विभाग द्वारा बिजली लाइन बंद कर दी जाती है। उनके अनुसार इस घटना में विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या