रजपुरा/जिला सम्भल - हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया पिकअप वाहन पर रखा डीजे, दो कांवड़िए झुलसे, बड़ा हादसा टला - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, अगस्त 03, 2026

रजपुरा/जिला सम्भल - हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया पिकअप वाहन पर रखा डीजे, दो कांवड़िए झुलसे, बड़ा हादसा टला

newsindia17.com/rajpura-dj-high-tension-line-accident

आज सावन के पहले सोमवार की सुबह रजपुरा थाना क्षेत्र मे डाक कांवड़ लेकर आये जत्थे के साथ बड़ा हादसा होते होते टल गया। यहाँ राजघाट गंगा घाट से जल लेकर  आये कांवड़ियों के जत्थे के साथ चल रहा डीजे ऊपर से गुजर रही बिजली की हाई टेंशन लाइन की चपेट मे आ गया। इस दौरान डीजे मे आये करंट की चपेट मे आकर दो कांवड़िये झुलस गए। दोनो को उपचार हेतु निजी अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सोमवार की सुबह कांवड़ियो का एक जत्था मकसूदनपुर स्थित महावा नदी के किनारे प्रकट हुए शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के लिए जा रहा था। इसी दौरान गाँव पवसरा से गुजरने के दौरान पिकअप वाहन पर रखा डीजे ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। लाइन के संपर्क में आते ही डीजे और वाहन में करंट फैल गया। अचानक हुई घटना से कांवड़ियों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। हालांकि, समय रहते लोगों ने सतर्कता बरती, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। 


इस हादसे मे बबराला थाना क्षेत्र के गाँव मेहुआ हसनगंज निवासी मनोज पुत्र गिरधारी और सुनील पुत्र झुन्नी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। साथी कांवड़ियों और ग्रामीणों ने दोनों को तत्काल बबराला के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।


घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के जेई लेखराज नागर मौके पर पहुंचे। जेई ने बताया कि डीजे एक पिकअप वाहन पर रखा हुआ था और कुछ लोग उसके ऊपर खड़े थे। इसी दौरान डीजे हाई टेंशन लाइन की चपेट मे आने पर ये हादसा हो गया।


घटना के बाद कांवड़ यात्रा मार्ग पर कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। दो कांवड़ियों के झुलसने के बाद साथी श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल रहा, वहीं उपचार के दौरान दोनों की स्थिति पर परिजनों और साथियों की नजर बनी हुई है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या