नूरपुर/बिजनौर - रोडवेज बस की टक्कर लगने पर बाइक सवार महिला की मौत, बेटा बाल बाल बचा, परिजनो ने शव सड़क पर रखकर किया हंगामा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, अगस्त 23, 2026

नूरपुर/बिजनौर - रोडवेज बस की टक्कर लगने पर बाइक सवार महिला की मौत, बेटा बाल बाल बचा, परिजनो ने शव सड़क पर रखकर किया हंगामा

/noorpur-bijnor-roadways-bus-bike-accident-woman-death-son-safe-family-protest

आज रविवार की दोपहर नूरपुर थाना क्षेत्र मे हुए भीषण सड़क हादसे मे एक महिला की दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि बाइक चला रहा उसका पुत्र बाल बाल बचा। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही महिला के परिजन मौके पर पहुंच गए और चालक की गिरफ्तारी और परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार समझाकर परिजनो को शांत किया और शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम राजा का ताजपुर निवासी किसान कुंवरपाल सिंह की पत्नी गुड़िया आयु 45 वर्ष आज रविवार की दोपहर अपने पुत्र कुणाल आयु 18 वर्ष के साथ बाइक द्वारा रिश्तेदारी मे आयोजित नामकरण समारोह मे शामिल होने जा रही थी। दोपहर करीब 12 बजे नूरपुर मंडी समिति के पास पहुंचने पर इनकी बाइक को मुरादाबाद की ओर से आ रही एक रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही गुड़िया बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरीं और बस की चपेट में आ गईं। गंभीर चोटों के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहा कुणाल दूसरी तरफ गिरने के कारण हादसे में बाल-बाल बच गया। बताया गया कि बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे। हादसे के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। यात्रियों को बाद में दूसरे वाहन की मदद से उनके गंतव्य तक भेजा गया।

हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने फरार बस चालक की गिरफ्तारी और परिवार को मुआवजा देने की मांग करते हुए शव को सड़क से उठाने से इनकार कर दिया। परिजनों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्टेट हाईवे-74 पर ग्रामीणों की भीड़ जमा होने से यातायात प्रभावित हुआ और लम्बा जाम लग गया। मौके पर पहुँची पुलिस ने परिजनों को समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे।

प्रदर्शन की सूचना मिलने पर सीओ और एसडीएम भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतका के परिजनों से बातचीत कर उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। करीब चार घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को थाने ले जाकर उनकी मांगों को लेकर बातचीत की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ और हाईवे पर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई।

घटना की जानकारी मिलने पर सपा विधायक रामअवतार सैनी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी। अधिकारियों ने शासन स्तर से नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने और फरार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद परिजन शव पुलिस को सौंपने के लिए तैयार हो गए। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

थानाध्यक्ष परवेज कुमार ने बताया कि परिजनों को समझाकर करीब चार घंटे बाद स्थिति सामान्य कराई गई। हादसे में शामिल रोडवेज बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है। 
free counter
अभी तक पाठक संख्या