बिजनौर नगर कोतवाली पुलिस ने आज सोमवार को दुष्कर्म के झूठे मुकदमे दर्ज कराकर वसूली करने वाले एक शातिर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य रसूखदार या विवादों में घिरे लोगों को दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में फंसाने की धमकी देते थे। आरोप है कि बाद में मुकदमे से बचाने या समझौता कराने के नाम पर रकम मांगी जाती थी। पुलिस ने गिरोह के सरगना व 3 महिलाओ समेत 5 आरोपियो को गिरफ्तार किया है।
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि गत 6 दिसंबर को अहसान पुत्र अल्लादिया, निवासी हाल मोहल्ला काजीपाड़ा, बिजनौर द्वारा एक शिकायत की गयी थी। इस शिकायत में बताया गया था कि कुछ लोगो ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है। अहसान द्वारा की गयी शिकायत मे 6 महिलाओ समेत 8 आरोपियो को नामजद किया गया था। इस मामले की जाँच एएसपी गौतम राय द्वारा किये जाने पर अहसान के खिलाफ दर्ज कराया गया मुकदमा झूठा पाया गया था। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को कई मामलों में समान पैटर्न देखने को मिला। पुलिस के अनुसार गिरोह से जुड़े लोग अलग-अलग व्यक्तियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाकर मुकदमे या न्यायालय में शिकायतें दर्ज कराने की कोशिश करते थे।
पुलिस के मुताबिक इन मामलों में दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं का इस्तेमाल किया जाता था। आरोप है कि लोगों के आपसी विवाद, पुरानी रंजिश और निजी मामलों से जुड़ी जानकारी जुटाने के बाद गिरोह उन्हें निशाना बनाता था।
प्रारम्भिक जाँच मे सामने आये तथ्यो के आधार पर कार्रवाई करते हुए बिजनौर नगर कोतवाली पुलिस व स्वाट टीम ने इस गिरोह पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। पुलिस ने इस मामले मे कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना जुल्फेकार उर्फ बब्बू लंगड़ा पुत्र अय्यूब निवासी जन्नत कॉलोनी, चांदपुर चुंगी, अफजाल पुत्र कफील निवासी भागूवाला, थाना क्षेत्र मंडावली, गुड्डी पत्नी मूलचंद्र, निवासी लड़ापुरा, थाना क्षेत्र बिजनौर, कुन्ती पत्नी ओमप्रकाश, निवासी मोहल्ला कस्साबान बिजनौर और प्रीति पत्नी अंकित निवासी बिजनौर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान बिजनौर और अमरोहा में ऐसे 11 मामलों की जानकारी सामने आई है, जिनमें कथित तौर पर इसी तरह का पैटर्न दिखाई दिया। पुलिस अब इन मामलों की भी पड़ताल कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इनमें गिरफ्तार आरोपितों की क्या भूमिका रही है। गिरफ्तार किये गए सभी आरोपियो को कोर्ट मे पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़ी तीन अन्य महिलाओ पारुल निवासी लड़ापुरा, रामकली निवासी बिजनौर और अन्नू निवासी मोहल्ला रेती, किरतपुर की तलाश मे जुटी है।
आरोपियो को गिरफ्तार करने वाली टीम मे स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक सचिन मलिक, प्रभारी निरीक्षक नगर कोतवाली बिजनौर अवनीत मान, उप निरीक्षक शौकत अली, विपिन डेढ़ा, महिला उप निरीक्षक ममता, हेड कांस्टेबल जोगिंद्र कुमार, कांस्टेबल दिलशाद चौधरी, अचिन, आकाश, विशाल तोमर, मोनू, अक्षय कुमार, गौरव कुमार, हिमांशु कुमार, राहुल कुमार, महिला कांस्टेबल भारती, काजल, सृष्टि आदि शामिल रहे।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

