बिलासपुर/जिला रामपुर - मानदेय बढ़ाने व अन्य माँगो को लेकर आशा कार्यकत्रियों का आंदोलन सातवें दिन भी जारी, 10 अक्टूबर तक काम बंद रखने का ऐलान - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, सितंबर 29, 2026

बिलासपुर/जिला रामपुर - मानदेय बढ़ाने व अन्य माँगो को लेकर आशा कार्यकत्रियों का आंदोलन सातवें दिन भी जारी, 10 अक्टूबर तक काम बंद रखने का ऐलान

bilaspur-rampur-asha-karyakartiyon-ka-andolan-saatven-din-bhi-jaari-10-october-tak-kaam-band

मानदेय बढ़ाने और राज्य कर्मचारी का दर्जा देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर गत बुधवार से शुरू हुआ आशा एवं संगिनी कार्यकत्रियों का धरना-प्रदर्शन आज मंगलवार को सातवें दिन भी जारी रहा। कार्यकत्रियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में धरना देते हुए मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि 10 अक्टूबर तक कोई सरकारी काम नहीं किया जाएगा।


पाठको को बताना उचित होगा कि बिलासपुर ब्लॉक क्षेत्र में करीब 244 आशा एवं संगिनी कार्यकत्रियां कार्यरत हैं। आंदोलन कर रही कार्यकत्रियों की प्रमुख मांग है कि उनका मानदेय बढ़ाकर 26 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए। इसके साथ ही उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की मांग भी उठाई जा रही है। इन्हीं मांगों को लेकर कार्यकत्रियां पिछले बुधवार से आंदोलन पर हैं। इस दौरान वे प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और राज्यमंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन भी सौंप चुकी हैं।


आज मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में आशा एवं संगिनी कार्यकत्रियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचीं। यहां उन्होंने दिनभर धरना दिया और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। कार्यकत्रियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।


इसी बीच वरिष्ठ कार्यकत्री जसवीर कौर और नवजीत कौर जिला मुख्यालय पहुंचीं और जिलाधिकारी को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। धरनास्थल पर लौटने के बाद उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने उनकी समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।


वरिष्ठ कार्यकत्री जसवीर कौर ने कहा कि उन्हें कई स्तरों पर आश्वासन मिल चुके हैं, लेकिन मांगें पूरी होने तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 10 अक्टूबर तक सरकारी कार्यों का बहिष्कार जारी रहेगा। इसके बाद मांगों पर निर्णय नहीं हुआ तो कार्यकत्रियां आगे की रणनीति तय करेंगी।


इस धरने में प्रीति यादव, शोभा रानी, रीना देवी, नसीम बानो, किरन देवी, सावित्री देवी, जयवती, आरती गंगवार, कीर्ति, राखी, पानो देवी, जायदा, गोदावरी, कुसुम देवी, अमृता देवी, मंजू रावत, कमलेश, सुदीपा, पुतुल सरकार, गोपी मुखर्जी, शैफाली मंडल, सुमित्रा शाना, मनोरमा देवी, पुष्पा देवी, अखिलेश कुमारी, मीरा देवी, सुमन कुमारी और सुनीता शर्मा समेत बड़ी संख्या में कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।

counter
अभी तक पाठक संख्या