हल्दौर/जिला बिजनौर - गन्ने के खेत मे पड़ा मिला 8 दिन पूर्व बहनो से मिलने आये बुजुर्ग का शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, सितंबर 30, 2026

हल्दौर/जिला बिजनौर - गन्ने के खेत मे पड़ा मिला 8 दिन पूर्व बहनो से मिलने आये बुजुर्ग का शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा

haldaur-bijnor-8-din-pahle-behno-se-milne-aaye-bujurg-ka-gannay-ke-khet-me-shav-mila-police-ne-postmortem-ko-bheja

आज बुधवार की दोपहर हल्दौर थाना क्षेत्र मे एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव गन्ने के खेत मे पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अनीस आयु 63 वर्ष निवासी गाँव मकसूदपुर, थाना क्षेत्र स्योहारा के रूप मे हुई। बताया गया कि अनीस गत 22 सितम्बर से लापता थे और परिजनो ने उनकी हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार अनीस गत 21 सितंबर को बाइक द्वारा  हल्दौर के मोहल्ला भूड़ निवासी अपनी बहनों गुलिस्ता और जाहिरा के घर आए थे। अगले दिन 22 सितंबर को वह अपनी बहन और अन्य रिश्तेदारों के साथ पैदल ही पोखर बाजार स्थित गुदड़ी मेले में जाने के लिए निकले थे। अनीस रास्ते में एक चाय दुकान पर रूक गए थे जबकि उनके साथ मौजूद अन्य लोग आगे निकल गए थे। काफी समय बीतने के बाद भी अनीस के मेले में नहीं पहुँचने पर परिजनों ने उन्हे आसपास और सभी संभावित स्थानों पर तलाश किया था मगर कुछ पता नही लग सका था।


परिजनों की ओर से गुमशुदगी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। इस दौरान अनीस को कुछ युवकों के साथ देखे जाने की जानकारी पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और कुछ युवकों को हिरासत मे लेकर पूछताछ भी की थी। पुलिस ने हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के साथ ही संभावित स्थानों और आसपास के जंगलों में भी तलाश की। वहीं, परिजनों ने अनीस के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।


आज बुधवार को कुम्हारपुरा मार्ग के पास गन्ने के खेत में एक शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने गन्ने के खेत में पड़े इस शव की शिनाख्त अनीस के रूप मे की  परिजनो को सूचना दी। अनीस का शव काफी क्षत-विक्षत अवस्था में था। मौके से काले रंग की कमीज, आधार कार्ड, माला और चप्पल आदि सामान मिला है। शव की स्थिति ऐसी थी कि प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो सका कि अनीस की मौत किस कारण हुई है। अनीस के लापता होने के बाद से उनकी बाइक का भी पता नहीं चल सका है। परिजनों के मुताबिक, उनकी बाइक बहनों के घर पर भी नहीं मिली है। पुलिस बाइक और अनीस की मौत से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।


पुलिस ने अनीस के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण और अन्य महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। सीओ धामपुर अंजनी कुमार चतुर्वेदी के अनुसार इस मामले में कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


अनीस के परिजनो का आरोप है कि वे गत 22 सितम्बर को गुमशुदगी दर्ज कराने थाना हल्दौर गए थे मगर यहाँ से  उन्हें स्योहारा थाने जाने के लिए कहा गया था। स्योहारा थाना जाने पर उन्होंने लापता होने का क्षेत्र हल्दौर थाना क्षेत्र अंतर्गत होने के कारण गुमशुदगी दर्ज करने से इंकार कर दिया था। परिजनो के अनुसार बाद मे मुक्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत किये जाने के बाद स्योहारा पुलिस ने गत 27 सितम्बर को गुमशुदगी दर्ज की थी।

conter12
अभी तक पाठक संख्या