किरतपुर/जिला बिजनौर - खेत पर गयी महिला की गुलदार की हमले मे मौत, गर्दन से पकड़कर गन्ने के खेत मे खींचा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, सितंबर 10, 2026

किरतपुर/जिला बिजनौर - खेत पर गयी महिला की गुलदार की हमले मे मौत, गर्दन से पकड़कर गन्ने के खेत मे खींचा

kirtpur-district-bijnor-khet-par-gayi-mahila-ki-guldar-ke-hamle-mein-maut-gardan-se-pakadkar-ganne-ke-khet-mein-khincha

जिला बिजनौर के किरतपुर थाना क्षेत्र मे आज गुरुवार की सुबह गुलदार के हमले मे हुई महिला की मौत के बाद हड़कंप मच गया। महिला खेत पर गयी थी। इसी दौरान गुलदार ने उस पर हमला कर दिया और गन्ने के खेत मे घसीट कर ले गया। गुलदार के गुर्राने की आवाज सुनकर महिला का चचेरा भाई ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचा। सभी ने शोर मचाकर गुलदार को मौके से भगाया मगर तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव राजा रामपुर फाजिल उर्फ़ आल्लोपुर की निवासी बबिता आयु 40 वर्ष पुत्री ओमप्रकाश आज गुरुवार की सुबह लगभग साढ़े 5 बजे घर के पास स्थित खेत की ओर गयी थी। इसी दौरान पीछे से आये गुलदार ने उसकी गर्दन पर हमला कर दिया और घसीटकर गन्ने के खेत मे ले गया।


घटना के करीब आधे घंटे बाद बबीता के चचेरे भाई दीपक कुमार ने घर के पास खेत में खून के धब्बे देखे। इसी दौरान उसे गुलदार के गुर्राने की आवाज भी सुनाई दी। शक होने पर उसने परिवार के लोगों को सूचना दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर खेत में पहुंचे। ग्रामीणों ने गुलदार को वहां से भगाया और बबीता को उसके चंगुल से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि गुलदार ने महिला की गर्दन पर गंभीर हमला किया था।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। नजीबाबाद एसडीएम शैलेंद्र कुमार, सीओ सुनील कुमार और वन क्षेत्राधिकारी रामकुमार समेत अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।


हमले के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गुलदार की तलाश तेज कर दी है। गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र में ड्रोन के जरिए निगरानी भी शुरू कर दी गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से खेतों में अकेले जाने से बचने और गुलदार दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है।


बताया गया कि बबीता के पिता ओमप्रकाश का निधन हो चुका है। परिवार में उसके तीन भाई रूपेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह और हिमाचल सिंह हैं, जो खेती-बाड़ी का काम करते हैं। बबीता अपने भाइयों के साथ रहती थी। परिजनों के अनुसार, वह मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रही थी और उसकी शादी नहीं हुई थी।


क्षेत्र में गुलदार के हमलों की घटनाएं लगातार सामने आने से ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने और प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।


वन क्षेत्राधिकारी रामकुमार ने बताया कि गांव में गुलदार के हमले में महिला की मौत की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी की जा रही है और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जा रहे हैं। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या