बिशारतगंज/जिला बरेली - दहेज़ की माँग पूरी न होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, सितंबर 09, 2026

बिशारतगंज/जिला बरेली - दहेज़ की माँग पूरी न होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज

bisharatganj-bareilly-dahej-utpidan.webp

जिला बरेली के बिशारतगंज थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश मे आया है। इस मामले मे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पीड़िता के पति समेत उसके ससुराल पक्ष के 10 सदस्यो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दहेज उत्पीड़न समेत गंभीर धाराओ मे मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।


पीड़िता ने एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र मे बताया कि उसका निकाह 29 नवंबर 2025 को इम्तयाज पुत्र मुख्त्यार अहमद, निवासी रहमानपुर के साथ हुआ था। पीड़िता ने बताया कि शादी के समय उसके मायके वालो ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था। इसके साथ ही बारात के स्वागत और अन्य व्यवस्थाओ पर भी करीब 8 लाख रूपये खर्च किये थे। विवाहिता ने बताया कि निकाह के बाद ससुराल पहुंचने पर उसने दहेज का सामान अपने पति इम्तियाज, सुरल मुख्त्यार, सास नसीमा, जेठ इश्तियाक, जुल्फिकार, देवर सत्तार और अंसार तथा जेठानियों अंजुम, जाफ़रीन व नाजरीन को सौंप दिया था।


विवाहिता ने आरोप लगाया कि निकाह के कुछ समय बाद ही उसे जानकारी हुई कि उसका पति नशीले पदार्थो का सेवन करता है। आरोप है कि इम्तियाज नशे की हालत में उसके साथ दुर्व्यवहार करता था औरअप्राकृतिक सम्बन्ध बनाता था। पति के इस व्यवहार की शिकायत करने पर ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यो ने उसे कम दहेज लाने का ताना देना शुरू कर दिया। विवाहिता ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने उससे दहेज मे 2लाख रुपये नकद और स्विफ्ट डिजायर कार की मांग की। अतिरिक्त दहेज की ये मांग पूरी न होने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था और इम्तियाज का दूसरा निकाह करने की धमकी दी जाती थी। विवाहिता का आरोप है कि उसे पर्याप्त भोजन और कपड़े भी नहीं दिए जाते थे। इस दौरान बीमार पड़ने पर भी उसके इलाज में भी लापरवाही बरती गई।


विवाहिता ने लगातार हो रहे इस उत्पीड़न से परेशान होकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी के निर्देश पर बिशारतगंज पुलिस ने आज बुधवार को पति समेत 10 ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या