जिला रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र मे आज बुधवार की सुबह एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से हड़कंप मच गया। बताया गया कि मृतक राज मिस्त्री का काम करता था और पत्नी के साथ हुए विवाद के बाद उसने ये आत्मघाती कदम उठाया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे मे लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव शिकारगाह का निवासी नितिन आयु 24 वर्ष पुत्र गुरुदेव सिंह राज मिस्त्री का काम करता था। नितिन 3 भाइयो मे दूसरे नंबर का था। परिजनों के मुताबिक नितिन का पिछले कुछ समय से अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। उसके चाचा मनोज कुमार ने पुलिस को बताया कि करीब आठ-दस दिन पहले नितिन अपनी पत्नी को वापस घर लाने के लिए ससुराल गया था। आरोप है कि वहां ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी। इस घटना के बाद से नितिन काफी परेशान रहने लगा था।
आज बुधवार सुबह परिजनो ने देखा कि नितिन का शव घर मे ही फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
नितिन की मौत की खबर मिलने के बाद उसकी पत्नी भी मौके पर पहुंच गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।नीतिन के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब पांच और तीन वर्ष बताई गई है। नितिन का बड़ा भाई पुलिस विभाग में कार्यरत है, जबकि छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

