नौगावा सादात/जिला अमरोहा - दहेज की माँग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति ने दिया तीन तलाक, 7 के खिलाफ मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, सितंबर 08, 2026

नौगावा सादात/जिला अमरोहा - दहेज की माँग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति ने दिया तीन तलाक, 7 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

/naugawan-sadat-amroha-dahej-ki-maang-puri-na-hone-par-vivahita-se-marpeet-ka-aarop-pati-ne-diya-teen-talaq-7-ke-khilaf-mukadma-darj

जिला अमरोहा के नौगांवा सादात थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न व तीन तलाक का एक मामला प्रकाश मे आया है। थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे अपने पति पर मारपीट करने व तीन तलाक बोलकर रिश्ता खत्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष के 7 सदस्यो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी रईस अहमद की पुत्री रुखसाना का निकाह गत 7 वर्ष पूर्व नौंगावा सादात के मोहल्ला अली नगर निवासी खालिद के साथ हुआ था। पीड़िता के पिता का कहना है कि निकाह के समय उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज दिया था। पुलिस को दी गयी तहरीर मे रुखसाना ने बताया कि इस सबके बाद भी ससुराल वाले संतुष्ट नही थे और शादी के कुछ समय बाद से ही कम दहेज लाने का ताना देने लगे थे। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।


पीड़िता के अनुसार 7 सितंबर 2026 की सुबह करीब आठ बजे देवर इमरान ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसका विरोध किये जाने पर इमरान ने उसे थप्पड़ मार दिया। विवाद बढ़ने पर ससुराल के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान वह खुद को बचाने का प्रयास करती रही।रुखसाना ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि घटना के कुछ समय बाद उसका पति खालिद घर पहुंचा। आरोप है कि पति ने भी उसके साथ मारपीट की और तीन तलाक देकर वैवाहिक रिश्ता खत्म कर दिया। पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि उसके साथ पहले भी मारपीट की घटना हो चुकी है। इस संबंध में उसने 24 अगस्त 2021 को महिला आयोग, दिल्ली में शिकायत किए जाने की बात कही है।


उक्त मामले में सीओ अवधभान सिंह भदौरिया ने बताया कि शिकायत के आधार पर पति खालिद समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।सीओ के अनुसार मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


नोट: पुलिस जांच पूरी होने तक मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या