उत्तर प्रदेश की मेरठ पुलिस ने कल गुरुवार को बसपा सरकार में मंत्री रहे याकूब कुरैशी की बंद पड़ी मीट फैक्ट्री मे हुई डकैती के मामले मे तीन आरोपियो को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद देर रात हापुड़ -मेरठ रोड पर आरोपियो और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ मे एक आरोपी पैर मे गोली लगने पर घायल हो गया। पुलिस ने घायल हुए आरोपी को उपचार हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया है।
सीओ सदर संग्राम सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने डकैती के उक्त मामले मे वांछित तीन आरोपियो को हापुड़ -मेरठ रोड स्थित खते के पास से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किये गए इन आरोपियो की पहचान दानिश उर्फ़ चाचा आयु 26 वर्ष, शहजाद उर्फ़ भूरा आयु 30 वर्ष और रियाजुद्दीन उर्फ़ रियाजु आयु 32 वर्ष, निवासी मसूरी, जिला गाजियाबाद के रूप मे हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वारदात में इस्तेमाल किए गए असलहे हाजीपुर-अल्लीपुर के निर्माणाधीन लिंक रोड पर काली नदी के पास झाड़ियों में छिपाए गए हैं।
कल गुरुवार की रात पुलिस टीम आरोपियों को लेकर बताए गए स्थान पर असलहा बरामद करने पहुंची थी। इसी दौरान आरोपियों ने मौका पाकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गयी जवाबी कार्रवाई में दानिश उर्फ चाचा के बाएं पैर में गोली लग गयी। पुलिस ने घायल हुए आरोपी को उपचार हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया है।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि पूर्व मंत्री की अलफहीम मीट फैक्ट्री के अलावा तान्या फैक्ट्री में भी इसी तरह की डकैती की वारदात हुई थी। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर दोनों घटनाओं में उनकी संभावित भूमिका की पड़ताल कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग जिलों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। रियाजुद्दीन उर्फ रियाजू पर मेरठ, मुजफ्फरनगर और अमरोहा के थानों में पांच मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। शहजाद उर्फ भूरा के खिलाफ मेरठ और मुजफ्फरनगर में चार मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। दानिश उर्फ चाचा पर गाजियाबाद, मेरठ, अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में सात मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक मामलों के साथ-साथ अलफहीम और तान्या फैक्ट्री में हुई वारदातों में उनकी भूमिका, गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और लूटे गए सामान के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

