जिला बदायूँ की उघैती थाना पुलिस ने प्रेमी युगल को घेरकर मारपीट करने, युवती से छेड़छाड़ कर वीडियो बनाने व नकदी छीनने वाले तीन आरोपियो को गिरफ्तार किया है। गत 17 सितम्बर को हुई इस घटना के कल गुरुवार को प्रकाश मे आने के बाद एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा व डीआईजी अजय साहनी ने घटनास्थल का निरिक्षण कर स्थानीय पुलिस को मामले के जल्द खुलासे के लिए आवश्यक निर्देश दिए थे।
पाठको को बताना उचित होगा कि गत 17 सितम्बर को एक प्रेमी युगल थाना क्षेत्र के गाँव सिद्ध बरोलिया मंदिर के पास जंगल मे घूमने गया था। प्रेमी युगल की बाइक थोड़ी दूरी पर खड़ी थी। जंगल मे बाइक खड़ी देख कुछ दबंगो ने उन्हे घेर लिया और गाली गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान दबंगो ने युवती के साथ छेड़छाड़ की और अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देते हुए डराया। इस दौरान दबंगो से प्रेमी युगल से 1500 रूपये की नकदी भी छीन ली। लगभग आधे घंटे बाद राहगीरो के आने पर दबंगो ने प्रेमी युगल को मौके से जाने दिया था।
कल गुरुवार की शाम आरोपियो ने उक्त वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इस वीडियो के संज्ञान मे आने के बाद पुलिस ने मामले की जाँच शुरू की थी। वीडियो मे दिखाई दे रही बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस सम्भल निवासी पीड़ित युवक पर पहुंची। युवक ने बताया कि युवती उघैती की ही निवासी है। पुलिस ने प्रेमी युगल से प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियो की तलाश शुरू कर दी थी।
उघैती पुलिस ने उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपियो द्वारा बनाई गयी वीडियो के आधार पर उन तक जा पहुंची। पुलिस ने कल गुरुवार की रात सरायबरोलिया गांव के जंगल से तीन आरोपियो को धर दबोचा। गिरफ्तार किये गए आरोपियो की पहचान सुगेन्द्र कुमार यादव आयु 24 वर्ष निवासी स्वरूप नगर, बेचैन जाटव आयु 40 वर्ष व छोटे यादव आयु 32 वर्ष निवासीगण गाँव सरायबोलिया के रूप मे हुई है।
एएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास जारी हैं।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

