जिला बिजनौर की नहटौर पुलिस ने कल मंगलवार की देर रात हुई मुठभेड़ के बाद गौकशी के मामले मे वाँछित एक आरोपी को घायलवस्था मे गिरफ्तार किया है। इस दौरान उसका दूसरा साथी अँधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार किये गए घायल आरोपी को उपचार हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार हुए दूसरे आरोपी की तलाश मे जुटी है।
पाठको को बताना उचित होगा कि गत 5 सितम्बर को थाना क्षेत्र के गाँव मुस्सेपुर के जंगल मे गौवंशीय पशुओ के अवशेष पड़े मिले थे। ये अवशेष बरामद होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था और मामले की जाँच मे जुटी थी। बताया गया कि कल मंगलवार की देर रात पुलिस टीम सराय असनारा की पुलिया के पास संदिग्ध वाहनो की जाँच कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आते देख पुलिस टीम ने उन्हें रूकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देख बाइक सवारो ने मौके से भागने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा मे फायरिंग की और एक गोली बाइक सवार युवक के पैर मे जा लगी।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गोली लगने पर घायल हुए युवक को दबोच लिया जबकि उसका साथी मौके से फरार होने मे सफल रहा। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गए आरोपी की पहचान इकराम उर्फ़ भूरा पुत्र खलील, निवासी गाँव ताहरपुर सैद उर्फ़ तरकोला, थाना क्षेत्र नहटौर के रूप मे हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से ग्राम बेहद सादात, थाना कांकरोली, जिला मुजफ्फरनगर का निवासी है।
पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में आरोपी ने 4 सितंबर की रात अपने साथी इमरान के साथ गौवंश का वध करने की बात स्वीकार की है। आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि आज भी वह अपने फरार हुए साथी इमरान के साथ सराय असनारा-शादीपुर के जंगल की ओर गौवंश की तलाश में जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बाइक समेत गौवध मे इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी पूर्वी अमित किशोर के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

