आज बुधवार की सुबह जिला बिजनौर के नूरपुर थाना क्षेत्र मे हुई सड़क दुर्घटना मे बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गयी जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गयी। इस हादसे मे दंपत्ति की एक वर्षीय मासूम बच्ची चमत्कारिक रूप से बच गयी। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गयी और राहगीरो की भीड़ जुट गयी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा तथा घायल हुई महिला को उपचार हेतु सीएचसी मे भर्ती कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कितांशु आयु 27 वर्ष पुत्र रामभरोसे, निवासी गाँव कुरी रवाना, थाना क्षेत्र छजलैट, जिला मुरादाबाद अपनी पत्नी प्रिया आयु 25 वर्ष और पुत्री दक्षिता आयु 1 वर्ष के साथ नहटौर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव गढ़ी स्थित अपनी ससुराल गए थे। आज बुधवार को दंपत्ति मासूम बेटी को साथ लेकर बाइक द्वारा वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे नूरपुर थाना क्षेत्र मे मुरादाबाद हाईवे पर स्थित गांव सैदपुर के पास सामने से आये एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। ये टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार कितांशु की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि प्रिया गंभीर रूप से घायल हो गयी। इस दौरान प्रिया की गोद मे रही उसकी बेटी दक्षिता सड़क किनारे कच्चे मे जा गिरी और सुरक्षित बच गयी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना मे घायल हुई प्रिया को तत्काल नूरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद ले गए। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं एक साल की मासूम बच्ची के सुरक्षित बच जाने को लोग किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।
थानाध्यक्ष नूरपुर प्रवेज कुमार ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

