जिला अस्पताल संभल में तैनात आउटसोर्स कर्मचारियों ने आज मंगलवार को वेतन भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें पिछले दो-तीन महीनों से नियमित रूप से वेतन नहीं मिल रहा है। समय पर भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति बनी हुई है।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों निर्धारित समय पर वेतन दिए जाने की मांग की। इसके साथ ही लंबित पीएफ राशि खातों में जमा कराने, ईएसआई और आयुष्मान योजना जैसी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ देने तथा यूनिफॉर्म और काम के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।
धरने में शामिल रहे एक कर्मचारी आयुष भंडारी ने बताया कि उन्हें करीब छह हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता है। आयुष का कहना है कि इतनी कम आमदनी में परिवार का खर्च और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना बहुत ही मुश्किल है। ऐसे में वेतन समय पर नहीं मिलने से आर्थिक परेशानियां और बढ़ जाती हैं।आयुष के अनुसार पिछले दो-तीन महीनों से वेतन का नियमित भुगतान नहीं हुआ है। कर्मचारियों के मुताबिक, रक्षाबंधन से एक दिन पहले रात करीब 10:30 बजे उन्हें केवल तीन हजार रुपये का भुगतान किया गया था।
कर्मचारियों का कहना है कि वेतन में देरी के कारण उन्हें घर का दैनिक खर्च चलाने के लिए दुकानदारों से उधार लेना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई और परिवार की अन्य जरूरतों का खर्च भी इसी सीमित आय से पूरा करना पड़ता है। कर्मचारियों ने बताया कि लगातार बढ़ते उधार के कारण उनकी आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है।प्रदर्शनकारियों ने पीएफ को लेकर भी सवाल खड़े किए। कर्मचारियों का आरोप है कि उनके वेतन से पीएफ की कटौती की जाती है, लेकिन सितंबर 2025 से पीएफ की रकम उनके खातों में जमा नहीं की गई है। कर्मचारियों ने पीएफ व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि लंबित राशि को जल्द उनके खातों में जमा कराया जाए और उन्हें पीएफ से संबंधित पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
धरने पर बैठे आउटसोर्स कर्मचारियों ने ईएसआई और आयुष्मान योजना से जुड़ी सुविधाएं नहीं मिलने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि नौकरी के दौरान मिलने वाली आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा कर्मचारियों ने काम के लिए यूनिफॉर्म और सफाई कार्य में इस्तेमाल होने वाले आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
धरना दे रहे कर्मचारियों ने कहा कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाना चाहिए। उनकी प्रमुख मांगों में समय पर वेतन का भुगतान, सितंबर 2025 से लंबित पीएफ राशि खातों में जमा कराना, ईएसआई और आयुष्मान योजना जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना, यूनिफॉर्म उपलब्ध कराना, सफाई कार्य के लिए जरूरी उपकरण मुहैया कराना, वेतन और पीएफ से जुड़ी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना।
इस धरने के दौरान सचिन, अंकुर, विनोद, स्वाति, अरुण, शिव कुमार, रिषभ, अमन कुमार, राजन, निशु, शिशुवाला, पुलकित, रामानंद, अमन राजौरिया, सोनम, प्रीति और सुनीता समेत कई आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

