जिला मुख्यालय अमरोहा नगर की आवास विकास कॉलोनी स्थित सर्राफा की दुकान से चोरी किये जाने का एक मामला सामने आया है। यहां ग्राहक बनकर पहुंची एक नकाबपोश महिला सोने के कुंडल चोरी कर अपने पुरुष साथी के साथ फरार हो गई। चोरी किए गए जेवरों की कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
आवास विकास कॉलोनी मे अतरासी रोड पर स्थित आर्या ज्वेलर्स की स्वामिनी शिवी गुप्ता के अनुसार कल सोमवार शाम वह दुकान पर मौजूद नहीं थीं। इस दौरान एक नकाबपोश महिला अपने पुरुष साथी के साथ दुकान पर पहुंची। दुकान पर शिवी गुप्ता का बेटा मौजूद था। महिला ने ग्राहक बनकर उससे सोने के जेवर दिखाने को कहा। जेवर देखने के दौरान महिला ने बड़ी चालाकी से करीब 25 ग्राम वजन के सोने के दो जोड़ी कुंडल अपने हाथों में छिपा लिए। इसके बाद वह अपने पुरुष साथी के साथ बिना कोई संदेह पैदा किए दुकान से बाहर निकल गई। कुछ देर बाद जब दुकान में रखे जेवरों का मिलान करने पर कुंडल गायब होने की जानकारी हुई।
कुंडल गायब मिलने पर दुकान संचालक ने तुरंत ही डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें नकाबपोश महिला जेवर देखते समय कुंडल छिपाती हुई दिखाई दे रही है।
सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

