उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले जुटे तमाम शिक्षको ने आज बुधवार को बीएसए कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर सरकार और विभागीय अधिकारियों से समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की। धरने के बाद पदाधिकारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। संघ के प्रांतीय प्रचार मंत्री एवं जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा के नेतृत्व में जुटे शिक्षकों ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने तथा शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों की एसटीएफ से जांच कराने संबंधी आदेश वापस लेने की मांग प्रमुखता से उठाई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों को भी पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाना चाहिए। वहीं 27 जुलाई 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से छूट देने के लिए आवश्यक कानून बनाया जाए। उन्होंने प्रमाणपत्रों की एसटीएफ जांच के आदेश को निरस्त करने और हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ डबल बेंच में अपील करने की मांग भी रखी।
प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों के रिक्त पदों पर जल्द पदोन्नति करने, बिना टीईटी वाले शिक्षकों को निर्धारित समय सीमा के साथ पदोन्नति का अवसर देने तथा ब्रिज कोर्स परीक्षा में 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की।
इसके अलावा 12 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके शिक्षकों को प्रोन्नत वेतनमान देने, मृतक आश्रितों को शिक्षक पद पर नियुक्ति प्रदान करने और विद्यालयों में सफाईकर्मियों व चौकीदारों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। शिक्षकों ने शीतकालीन अवकाश के दौरान स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी कराने तथा विशेष श्रेणी के अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की लंबित सूची जारी करने पर भी जोर दिया।
इस धरना-प्रदर्शन में जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव, जिला कोषाध्यक्ष सुशील चौधरी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे। शिक्षकों ने अपनी मांगों के शीघ्र निस्तारण की अपील करते हुए विभाग से सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

