मुरादाबाद - ग्राहक बनकर दुकान पर पहुँचे बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर सर्राफा व्यापारी को मारी गोली, एक गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, जनवरी 21, 2022

मुरादाबाद - ग्राहक बनकर दुकान पर पहुँचे बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर सर्राफा व्यापारी को मारी गोली, एक गिरफ्तार

newsindia17

कल गुरुवार की देर शाम मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र के दलपतपुर कस्बे में बदमाशों ने एक सर्राफ की दुकान पर लूट का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने सर्राफ और उसके भांजे को गोली मार दी। इसी बीच भांजे ने दुकान का शटर गिरा लिया और शोर मचा दिया। शोर सुनकर आस पड़ोस के दुकानदार आ गए और उन्होंने एक बदमाश को दबोच लिया, जबकि दूसरा बदमाश फरार हो गया। पुलिस ने घायल मामा-भांजे को जिला अस्पताल भिजवा दिया, जहां से हालत गंभीर होने पर सर्राफ को रेफर कर दिया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गाँव चमरौआ निवासी सुमित वर्मा की दलपतपुर में सिंडीकेट बैंक के नीचे स्थित अंडरग्राउंड मार्केट में वर्मा ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। बताया जा रहा है कि रोज की तरह सुमित और उनका लाइनपार निवासी भांजा आकाश वर्मा दुकान पर बैठे थे। शाम करीब सात बजे एक बदमाश ग्राहक बनकर दुकान पर पहुँचा। ग्राहक बनकर पहुँचे बदमाश ने सुमित से जेवर दिखाने के लिए कहा। मामा-भांजे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश ने सर्राफ सुमित पर तमंचा तान दिया और गोली मारने की धमकी देकर जेवर व नकदी उसके हवाले करने को कहा। एक बदमाश दुकान के बाहर हाथ में तमंचा लेकर खड़ा था। आकाश ने हिम्मत करके बदमाश का तमंचा पकड़ लिया। इसी बीच बदमाश ने गोली चला दी। जिसके छर्रे आकाश के हाथ में लगे और वह जख्मी हो गया। इसी बीच साथी को घिरा देख दुकान के बाहर खड़े बदमाश ने फायर कर दिया। जिसकी गोली सर्राफ सुमित के कंधे में लग गई। बताया जा रहा है कि बदमाश तमंचा दोबारा लोड करने लगा इसी बीच आकाश ने दुकान का शटर गिरा लिया और अंदर वाले बदमाश पर रॉड से हमला कर दिया, जबकि बाहर वाला बदमाश मौके से भाग निकला।


सर्राफ की दुकान से शोर सुनकर आस पड़ोस के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने शटर खोलकर बदमाश को पकड़ लिया। दुकानदारों ने बदमाश की जमकर पिटाई की। जिसमें बदमाश भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल मामा भांजे को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया, जहां से सुमित की हालत गंभीर होने पर उसे कॉसमॉस अस्पताल भिजवा दिया गया है। आकाश की हालत ठीक है। पुलिस अधीक्षक नगर अखिलेश भदौरिया ने बताया कि घायल सराफ को कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल बदमाश को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती काराया गया है। बदमाश के साथी की तलाश की जा रही है।

web counter
अभी तक पाठक संख्या