केमरी/जिला रामपुर - पुलिस और गौकशो के बीच हुई मुठभेड़ के बाद 2 गिरफ्तार, अवैध हथियार व गौकशी के उपकरण बरामद - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, जून 22, 2026

केमरी/जिला रामपुर - पुलिस और गौकशो के बीच हुई मुठभेड़ के बाद 2 गिरफ्तार, अवैध हथियार व गौकशी के उपकरण बरामद

newsindia17.com/rampur-kemri-police-cow-slaughter-accused-encounter-two-arrested-illegal-weapons-recovered

जिला रामपुर की केमरी थाना पुलिस ने कल रविवार की देर रात हुई मुठभेड़ के बाद गौकशी के मामले मे वंचित दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसके दूसरे साथी को मौके से दबोच लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।


पुलिस के अनुसार देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि पीलाखार नदी डैम से जनूनागर की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर कुछ संदिग्ध लोग देखे गए हैं। सूचना मिलते ही केमरी पुलिस ने इलाके में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक लाल रंग की बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़कर भागने लगे। भागने के प्रयास में उनकी मोटरसाइकिल फिसल गयी। जिसके बाद पुलिस ने दोनों को घेरने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गयी जवाबी कार्रवाई में भूरा नामक आरोपी के पैर में गोली लगने पर घायल हो गया जबकि उसके  साथी मुकीम को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपियो के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल तथा गौकशी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए। बरामद सामान में बांका, छुरियां, सूजा, रस्सी, प्लास्टिक का थैला और अन्य सामग्री शामिल है। पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल आरोपी भूरा पर पहले से गौकशी, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, चोरी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में 11 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार आरोपी मुकीम के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट का एक मामला दर्ज बताया गया है।


पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। यह पूरी कार्रवाई केमरी थाना प्रभारी हिमांशु चौहान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई।

counter
अभी तक पाठक संख्या