आज मंगलवार को सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी मुखिया गुर्जर का ब्लाक तिराहे पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया और शहर में जुलूस निकाला गया। इस स्वागत कार्यक्रम और जुलूस के दौरान आचार संहिता और कोविड दिशा निर्देशों की जमकर धज्जियाँ उड़ी। इस मामले में पुलिस ने गठबंधन प्रत्याशी समेत 80-90 समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेरठ निवासी गठबंधन प्रत्याशी मुखिया गुर्जर आज मंगलवार दोपहर दर्जनों कारों के काफिले के संग हसनपुर नगर में दाखिल हुए। रालोद गठबंधन प्रत्याशी के आगमन पर ब्लॉक तिराहे पर पहले से मौजूद समर्थकों ने फूल मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान समर्थक व प्रत्याशी दोनों ही आचार संहिता व कोविड दिशा निर्देशों को भूल गए। इस दौरान न केवल बगैर अनुमति कार्यक्रम आयोजित किया गया, बल्कि कोविड-19 गाइडलाइन की भी धज्जियां उड़ाई गईं। स्वागत कार्यक्रम व जुलूस के दौरान अधिकांश कार्यकर्ता मास्क लगाए हुए नहीं थे। प्रत्याशी की कारों के काफिले की वजह से करीब आधे घंटे तक मार्ग पर जाम लगा रहा। इसके बाद मुखिया गुर्जर मोहल्ला होली वाला स्थित पूर्व मंत्री कमाल अख्तर के कार्यालय तक जुलूस के रूप में पहुंचे। बाद में क्षेत्र के गांवों में भी जुलूस निकाला गया।
सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ पैर फूल गए। प्रभारी निरीक्षक परवेज कुमार चौहान ने बताया कि गठबंधन प्रत्याशी मुखिया गुर्जर, सपा के नगर अध्यक्ष युसूफ कुरैशी एवं वसीम तथा 80-90 समर्थकों के विरुद्ध आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन व महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
| अभी तक पाठक संख्या |