हसनपुर - सीओ कार्यालय पर महिलाओ के प्रदर्शन के बाद हरकत आया प्रशासन, छापामार कार्रवाई कर नष्ट की कच्ची शराब की भट्टियाँ, 2 महिलाओ सहित 4 के खिलाफ मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, मार्च 24, 2022

हसनपुर - सीओ कार्यालय पर महिलाओ के प्रदर्शन के बाद हरकत आया प्रशासन, छापामार कार्रवाई कर नष्ट की कच्ची शराब की भट्टियाँ, 2 महिलाओ सहित 4 के खिलाफ मुकदमा दर्ज


जिला अमरोहा की तहसील हसनपुर में चल रहे कच्ची शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की माँग को लेकर महिलाओ द्वारा सीओ कार्यालय पर किये गए प्रदर्शन के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। आबकारी विभाग व पुलिस ने संयुक्त रूप से थाना सैदनगली क्षेत्र के गाँव झंडी माफ़ी व झंडी खादर में छापामारी कर लहन व कच्ची शराब पकड़ी है। दो महिलाओ समेत 4 लोगो के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है। 

पाठको को बताना उचित होगा कि क्षेत्र में चल रहे कच्ची शराब के अवैध धंधे पर रोक लगाने को लेकर दो दिन पूर्व उक्त गाँवों की महिलाओ ने सीओ हसनपुर के कार्यालय पर प्रदर्शन किया था। महिलाओ का कहना था कि गाँव में कच्ची शराब बनायी जा रही है। इस शराब की आसानी से उपलब्धता के चलते पुरुष व युवा वर्ग इसका सेवन कर रहा है। कच्ची शराब का सेवन किये जाने के कारण न केवल स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है बल्कि घरेलु हिंसा के मामले भी लगातार बढ़ रहे है। महिलाओ का कहना था कि कच्ची शराब के अवैध धंधे के चलते कई परिवार बरबाद हो चुके है और क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में इजाफा हो रहा है। महिलाओ ने प्रदर्शन कर कच्ची शराब बनाने वालो के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की गुहार लगायी थी। 

महिलाओ के प्रदर्शन किये जाने के बाद हरकत में आये प्रशासन ने छापेमारी शुरू कर दी। आबकारी निरीक्षक आनंद विक्रम सिंह, रविशंकर व सैदनगली थाने के उपनिरीक्षक विजेंद्र सिंह की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए संदिग्ध घरो पर दबिश दी। प्रशासनिक टीम ने इस दौरान 3 हजार लीटर लहन और चार भट्टियाँ नष्ट कर 150 लीटर कच्ची शराब बरामद की तथा 4 अभियुक्तों को नामजद किया है। थानाध्यक्ष सतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आबकारी विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने छापामारी कार्रवाई की है। तहरीर के आधार पर चंपा पत्नी हरिओम, फूलवती पत्नी जितेंद्र, जितेंद्र पुत्र नन्हुआ और रोहताश पुत्र शांति सिंह के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रशासनिक कार्रवाई के चलते शराब के धंधे में लिप्त लोगो में खलबली मची हुई है।

web counter
 अभी तक पाठक संख्या