चाँदपुर - दहेज़ की माँग पूरी न होने पर दिया तीन तलाक, पति समेत 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, मार्च 27, 2022

चाँदपुर - दहेज़ की माँग पूरी न होने पर दिया तीन तलाक, पति समेत 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

दहेज़ व तीन तलाक को रोकने हेतु सरकार द्वारा कड़े कानून बना दिए जाने के बाद भी इनके मामलो में कोई विशेष कमी नहीं आयी है। अभी भी दहेज़ प्रताड़ना व तीन तलाक के तमाम मामले मीडिया माध्यमों की सुर्खिया बने रहते है। ऐसा ही एक मामला जिला बिजनौर के चाँदपुर से सामने आया है जहाँ दहेज़ की मॉंग पूरी न होने पर एक विवाहिता को तीन तलाक बोलकर घर से निकाल दिया गया। इस मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।


चाँदपुर थाना क्षेत्र के गाँव शेख सराय हबीब निवासी मोहम्मद अजहर पुत्र रफीक अहमद ने  गयी तहरीर  बताया है कि वर्ष 2018 में उसने अपनी पुत्री नाजमा परवीन का निकाह मौहल्ला काला शहीद, हसनपुर, जिला अमरोहा निवासी जियाउद्दीन उर्फ़ शब्बू पुत्र अलाउद्दीन के साथ किया था। निकाह के समय उसने सामर्थ्य के अनुसार 1 लाख रूपये नकद, स्प्लेंडर मोटर साइकिल व सोने चाँदी के आभूषण आदि दिया था। निकाह के समय दिए गए दहेज़ से नाजमा के ससुराल पक्ष वाले खुश नहीं थे और कुछ समय बाद ही उन्होंने बुलेट मोटर साइकिल व 2 लाख रूपये नकद की माँग करते हुए नाजमा को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। इस दौरान पति जियाउद्दीन, जेठ सलाउद्दीन, देवर शाहबुद्दीन, निजामुद्दीन व इनकी ममेरी बहन शमा पुत्री अब्दुल हकीम ने कई बार नाजमा के साथ मारपीट की। लगभग 15 दिन पूर्व उक्त सभी लोगो ने दहेज़ की माँग करते हुए नाजमा के साथ मारपीट की तथा बिना दहेज़ लिए वापस आने पर जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया। नाजमा की माँ व भाई सुहैल उसे लेकर वापस काला शहीद हसनपुर गए परन्तु उन लोगो ने एक न सुनी और मारपीट की। जियाउद्दीन ने कहा कि यदि बुलेट मोटर साइकिल व 2 लाख नकद की माँग पूरी नहीं की तो मै नाजमा को तीन तलाक दे दूंगा और उसने तीन तलाक बोलकर नाजमा से रिश्ता तोड़ लिया। इसके बाद नाजमा अपने मायके आ गई। इस दौरान कई बार रिश्तेदारों के माध्यम से उसके ससुराल पक्ष से बात की गयी मगर जियाउद्दीन ने एक नहीं मानी। तहरीर में कहा गया है कि दिनाँक 26 मार्च 2022 को मेरा दामाद जियाउद्दीन उर्फ़ शब्बू मेरे घर आया तथा मुझे व मेरी पुत्री को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया।


चाँदपुर पुलिस ने मोहमद अजहर की तहरीर के आधार पर नाजमा परवीन के पति समेत 5 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक चाँदपुर मनोज कुमार ने बताया कि पति जियाउद्दीन उर्फ़ शब्बू को गिरफ्तार कर लिया गया है।

web counter
अभी तक पाठक संख्या