आज बुधवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ कुमार के निर्देश पर एसोसिएशन के जनपद बिजनौर इकाई के पत्रकारों ने कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्र हो बलिया में पेपर लीक प्रकरण मामले में जेल भेजे गये पत्रकारों की रिहाई व अन्य मांगो को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के बैनर तले एकत्र हुए पत्रकारों ने इस सम्बन्ध में महामहिम राज्यपाल को सम्बोधित एक ज्ञापन भी जिलाधिकारी को सौंपा।
पाठको को बताना उचित होगा की प्रदेश के जनपद बलिया में उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा का एक प्रश्न पत्र लीक होने व नक़ल माफिया के कुकृत्य को उजागर करने से सम्बंधित समाचार प्रकाशित करने पर बलिया जिला प्रशासन ने दैनिक अमर उजाला व सहारा टाइम्स के पत्रकार अजीत ओझा, दिग्विजय सिंह व मनोज गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जिला प्रशासन ने उक्त मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न करते हुए कलम के सिपाहियों का मुंह बंद करने व हाथ बांधने का काम किया था। बलिया जिला प्रशासन के इस कृत्य को लेकर प्रदेश भर के पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त है व विभिन्न स्थानों पर धरना प्रदर्शन व ज्ञापन देने का क्रम जारी है, मगर अभी तक प्रशासन मौन है।
इसी को लेकर आज ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के बैनर तले मंडल प्रभारी/जिलाध्यक्ष डॉ०भानु प्रकाश वर्मा व वरिष्ठ महामंत्री/ मंडल अध्यक्ष नरेश भास्कर के नैतृत्व में बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुँचे पत्रकारों ने धरना प्रदर्शन कर निर्दोष पत्रकारों की रिहाई व दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किये जाने की मांग की। जिलाधिकारी कार्यालय के सामने एकत्र हुए पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए डा0 भानु प्रकाश वर्मा ने कहा कि पिछले कुछ समय में पत्रकार उत्पीड़न की घटनाओ में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साथ हो रहे अन्याय को अब और अधिक नहीं सहा जायेगा और इसके विरुद्ध आवाज बुलंद करनी ही होगी। उन्होंने पत्रकारों के साथ हो रही ऐसी घटनाओ को लोकतंत्र के चतुर्थ स्तम्भ की स्वतंत्रता पर प्रहार बताते हुए कहा कि प्रशासन न जाने किन कारणों के चलते उन कलम के सिपाहियों की बुलंद हो रही आवाज को दबाने का प्रयास करने में जुटा है जो समाज के व शासन के सामने सच्चाई लाने प्रयास करते है।
इस अवसर पर वरिष्ठ महामंत्री/ मंडल अध्यक्ष नरेश भास्कर ने कहा कि पत्रकार वर्ग जो हमेशा से समाज के विभिन्न वर्गों की आवाज अपनी कलम के माध्यम से शासन प्रशासन तक पहुँचाता रहा है अब उसकी कलम को बेड़ियों में जकड़ने हेतु प्रशासनिक स्तर से उत्पीड़न किया जा रहा है और किसी भी मामले की निष्पक्ष जाँच कराये बिना ही पत्रकारों को जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन पत्रकारों के साथ हो रहे इस अन्याय को अब और बर्दाश्त नहीं करेगी और पत्रकार साथियो के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाएगी।
देर तक चले धरना प्रदर्शन व नारेबाजी के बाद उत्तर प्रदेश की राज्यपाल महोदया को सम्बोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। ज्ञापन में निर्दोष पत्रकारों की अविलंब रिहाई, नकल माफियाओं के कुकृत्यों की न्यायिक जांच एवं पेपर लीक का खुलासा करने वाले दोषी अधिकारियों पर कार्यवाही के साथ पत्रकारों के खिलाफ दर्ज मुकदमें वापस लेने, बलिया जनपद के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक तथा अन्य अधिकारियों की भूमिका की न्यायिक जांच कराने व जांच परिणाम आने तक उन्हें निलंबित करने, प्रदेश में पत्रकारों की घटनाओं को तत्काल प्रभाव से रोक लगाने, विभिन्न समाचार पत्रों, चैनलों मीडिया संस्थानों में कार्यरत पत्रकारों को शासन स्तर से सूचीबद्ध करें उत्तर प्रदेश की प्रेस मान्यता नियमावली में संशोधन कर उसे पत्रकारों की सुरक्षा के लिए शामिल करने पत्रकार आयोग का गठन करके उसमें मान्यता प्राप्त सभी संगठनों को प्रतिनिधित्व दिलाने प्रदेश में किसी भी पत्रकार को किसी प्रकरण में कथित रूप से संलिप्त पाए जाने पर किसी राजपत्रित अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच पूरी होने तक गिरफ्तारी न किए जाने आदि सात बिंदु शामिल हैं।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष डॉ० नरेश पाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष पुनीत गोयल, अवनीश शर्मा, सरदार गुणवंत सिंह, मन्नान सैफी, नारायण किशोर, डॉक्टर अमानत अली, डॉक्टर सज्जन, सरदार गिरेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, सुनील नारायण, गौरव पाल, रोहित कुमार, सुनील कुमार, महामंत्री जितेंद्र कुमार, जिला उपाध्यक्ष डॉक्टर आलम फरीदी, देवेंद्र चौधरी, शेर सिंह चौधरी, कौशल शर्मा, मूलचंद चौधरी, विक्रांत त्यागी, मोहम्मद अकरम, रवि गांधी शर्मा, विजेंद्र शर्मा, संजय कुमार शर्मा, धर्मवीर सिंह, ओमपाल सिंह प्रजापति,अनुज चौधरी, कामेंद्र चौधरी, सुरेंद्र शर्मा, नवाबुद्दीन, मोहम्मद इदरीश, परवेज दानिश, रोहित भोनेंद्र शर्मा, महेश शर्मा, नरेश गौतम, बबलू सिंह चौहान, मास्टर राजपाल सिंह, बृजेश चंद शर्मा, परम सिंह, अनवार अहमद, परवेज दानिश आदि पत्रकारों ने घटना को लेकर तीव्र आक्रोश जताया।
| अभी तक पाठक संख्या |
