जनपद बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र से दहेज़ की माँग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट कर एक विवाहिता को बच्चे के साथ घर से निकाल दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इतना ही नहीं मारपीट की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पीड़िता के मायके वालों के साथ भी ससुराल वालो ने मारपीट की। इस मामले में पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति समेत 7 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम गुलड़िया अता हुसैन निवासी अली हसन की पुत्री शाइस्ता ने 2 वर्ष पूर्व गाँव के ही साजेब पुत्र कमालुद्दीन के साथ लव मैरिज की थी। शादी के समय ससुराल वालो ने दहेज की कोई मांग नहीं की थी। शाइस्ता द्वारा एक पुत्र को जन्म दिए जाने के बाद ससुराल वाले दहेज में 2 लाख नकद व अन्य सामान लाने की मांग करने लगे। दहेज की इस मांग के पूरा न होने पर पति व ससुराल पक्ष के अन्य लोगो ने शाइस्ता को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। बताया गया कि गत 13 जून की रात को पति व ससुराल पक्ष के अन्य लोगो ने दहेज की मांग करते हुए उसके साथ मारपीट की और गले में फंदा डालकर मारने का प्रयास किया। पीड़िता ने किसी प्रकार स्वयं को बचाकर मायके वालो को सूचना दी। आरोप है कि मौके पर पहुंचे पीड़िता के मायके वालो के साथ भी ससुराल वालो ने मारपीट की। इसके साथ ही ससुराल पक्ष ने पीड़िता को उसके छोटे बच्चे के साथ घर से निकाल दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम को देखकर सभी मौके से फरार हो गए। महिला द्वारा की गयी शिकायत के आधार पर बहेड़ी पुलिस ने पीड़िता के पति समेत 7 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
| अभी तक पाठक संख्या |